हापुड़ में मोदीनगर रोड पर जलभराव से मिलेगी राहत, ₹1.88 करोड़ की लागत से बनेगा नया नाला
हापुड़ के मोदीनगर रोड पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका 1.88 करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण करा रही है।
-1792167772194_m.webp)
1.88 करोड़ की लागत से बनेगा नया नाला। AI जनरेटेड
HighLights
मोदीनगर रोड पर 1.88 करोड़ रुपये का नाला निर्माण।
एक दर्जन से अधिक मोहल्लों को जलभराव से मिलेगी राहत।
नगर पालिका द्वारा 5-6 महीने में कार्य पूरा होने की उम्मीद।
संवाद सहयोगी, हापुड़। लंबे समय से जलभराव की समस्या झेल रहे मोदीनगर रोड के एक दर्जन से अधिक मोहल्ले को लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। नगर पालिका 1.88 करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण कार्य करा रही है।
जलभराव के कारण आवागमन करने में स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाले के निर्माण के बाद जलभराव से छुटकारा मिल जाएगा।
जलभराव से निजात नहीं मिल रही
वर्ष 2021 में दस्तोई रोड से लेकर खंडोली नाले तक नाला और मोदीनगर रोड पर पुलिया का निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन इसके बाद भी लोगों को जलभराव से निजात नहीं मिल रही थी। काफी बार स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय और नगर पालिका में नाले के निर्माण को लेकर मांग की थी।
इसके बाद नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने टीम के साथ जाकर मौके का निरीक्षण किया। बिजली के तार आने के कारण नाले के निर्माण कार्य कराने में रुकावट आ रही थी।
ऊर्जा निगम से तारों को हटाने के लिए पत्राचार किया तो, विभाग ने 65 लाख रुपये का एस्टीमेट बना दिया, जिससे नाले का निर्माण कार्य लटक गया था।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि नाले को इस तरह से डिजाइन करके बनाया जा रहा है, जिससे तारों को हटाने की जरूरत नहीं हुई।
बृहस्पतिवार दोपहर को टीम के साथ निर्माणाधीन नाले पर पहुंचकर संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। करीब पांच से छह महीने में नाले का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
इन मोहल्ले को जलभराव से मिलेगी निजात
मोदीनगर रोड पर नाले का निर्माण कार्य दो भागों में किया जाएगा, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी न हो और आसानी से निर्माण कार्य पूरा हो सके।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी, चंद्रलोक कालोनी, जसरूपनगर, दस्तोई रोड, जिला संयुक्त चिकित्सालय समेत आस-पास के इलाके के लोगों को जलभराव से निजात मिलेगी।
