विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहीद की याद में बने स्मारक को तोड़ने पर छलका परिवार का दर्द, कार्रवाई की तैयारी में जुटी हापुड़ पुलिस

Published: Mon, 26 Oct 2026 06:10 PM (IST)

हापुड़ के असौड़ा गांव में शहीद अमित त्यागी की याद में बने स्मारक को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

शहीद स्मारक को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगाया। जागरण

शहीद स्मारक को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगाया। जागरण

HighLights

  1. हापुड़ में शहीद अमित त्यागी का स्मारक क्षतिग्रस्त किया गया।

  2. पीड़ित ने रिश्तेदारों पर तोड़फोड़, धमकी देने का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, हापुड़। शहीद की यादों को संजोने के लिए अपनी निजी भूमि पर बनवाए गए स्मारक को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगा है।

मामला थाना देहात क्षेत्र के असौड़ा गांव का है। यहां स्मारक बनवाने वाले व्यक्ति ने अपने रिश्ते के ताऊ, उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल, उनके बेटे और तीन अज्ञात व्यक्तियों पर गाली-गलौज, हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने रविवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव असौड़ा के प्रदीप त्यागी ने बताया कि गांव में खसरा संख्या 176 की भूमि पर उनका करीब 40 वर्षों से कब्जा है। लगभग एक वर्ष पहले उन्होंने इसी निजी भूमि पर अपने दिवंगत रिश्तेदार शहीद अमित त्यागी की स्मृति में स्मारक स्थापित कराया था।

आरोप है कि 24 अक्टूबर की सुबह करीब दस बजे अारोेपित स्मारक स्थल पर पहुंचे। वहां उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

आरोपितों ने शहीद की प्रतिमा स्थापित नहीं होने देने की बात कहते हुए स्मारक तोड़ने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोप है कि सुबह करीब साढ़े दस बजे वह वहां से असौड़ा गांव चले गए।

करीब 11 बजे वापस लौटे तो आरोपी हथौड़े से स्मारक स्थल पर लगे उस पत्थर को क्षतिग्रस्त कर रहे थे, जिस पर राष्ट्रीय चिह्न अशोक स्तंभ अंकित था। आरोप है कि पत्थर के आधार को भी तोड़ दिया गया।

इसके बाद अगले दिन बुलडोजर लाकर पूरा स्मारक तोड़ने की धमकी दी गई। घटना से आहत पीड़ित ने अपनी और परिवार के सदस्यों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।