खेत से निकल कर बाइक सवार को दबोचने दौड़ा तेंदुआ, स्पीड बढ़ाई तो बची जान; दहशत में हापुड़ के लोग
हापुड़ के सिंभावली में नवादा कलां और फरीदपुर गोसाई गांव के बीच एक तेंदुए ने बाइक सवार पर हमला किया, लेकिन बाइक की रफ्तार बढ़ाने से वह बाल-बाल बच गया।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
हापुड़ में तेंदुए ने बाइक सवार पर किया हमला।
बाइक की रफ्तार बढ़ाने से सवार की जान बची।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुआ पकड़ने की मांग की।
संवाद सहयोगी, सिंभावली(हापुड़)। हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के नवादा कलां और फरीदपुर गोसाई गांव के बीच बृहस्पतिवार रात खेत से निकले तेंदुए ने बाइक सवार पर झपट्टा मार दिया।
गनीमत रही कि बाइक सवार ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और तेंदुआ उसे पकड़ नहीं सका। इससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद बाइक सवार घबराते हुए गांव पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
भाकियू नेता अजय त्यागी ने बताया कि गांव दत्तियाना का अमित त्यागी सिंभावली कस्बे में कपड़े की दुकान करते हैं। प्रतिदिन की तरह बृहस्पतिवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह फरीदपुर गोसाई और नवादा कला गांव के बीच पहुंचे, तभी खेत से निकला तेंदुआ उनकी ओर झपटा।
बाइक की स्पीड तेज की तो...
हालांकि अमित ने बाइक की गति तेज कर दी, जिससे तेंदुआ पीछे रह गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीण सोनू त्यागी, धर्मेंद्र जाटव, अंकुर त्यागी, आदेश त्यागी, अजय त्यागी, राहुल त्यागी, जितेंद्र, अर्जुन, मनीष, रणजीत, मोनू, नरेंद्र, संजय, संदीप और कमल सिंह आदि ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई बार तेंदुआ दिखाई दे चुका है,लेकिन उसके पकड़े नहीं जाने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
तेंदुए की सूचना मिलने पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है। ग्रामीणों से रात के समय खेतों और सुनसान रास्तों पर अकेले न जाने की अपील की गई है। तेंदुए के पदचिन्ह की पुष्टि होने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा।
-सचिन कुमार,उप-निरीक्षक, वन विभाग
