हापुड़ के सिंभावली में जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, एक पक्ष के मां-बेटा गंभीर रूप से घायल
हापुड़ के सिंभावली में जमीन विवाद को लेकर अहसान और फुरकान के परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस ...और पढ़ें
-1792988403609_m.webp)
मामले की जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
हापुड़ के सिंभावली में जमीन विवाद को लेकर संघर्ष।
मारपीट में फुरकान और उसकी मां गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने 9 नामजद, 8 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज।
संवाद सहयोगी, सिंभावली (हापुड़)। हापुड़ के सिंभावली में थाना क्षेत्र के पीरनगर गांव में मकान की जमीन को लेकर अहसान और फुरकान के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है।
24 अक्टूबर को दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इसमें पुलिस ने फुरकान की तहरीर पर 9 नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित फुरकान ने बताया कि 24 अक्टूबर की सुबह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद था। इसी दौरान अहसान,शौकत, असलम, इकराम, छोटू पुत्र जुम्मा, इमरान पुत्र अहसान, साहिल पुत्र शौकत, सोनू पुत्र लियाकत और शाहरुख पुत्र इकराम समेत सात-आठ अज्ञात लोग लाठी, लोहे की रॉड, बलकटी और फरसा लेकर उसके घर में घुस आए।
गाली-गलौज के बाद मारपीट
आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आए फुरकान के माता-पिता, ताई और भाई फरमान पर भी हमला कर दिया। आरोपी अहसान, इमरान और असलम ने बलकटी व फरसे से सिर पर वार किए। इस दौरान उसकी माता के कपड़े भी फाड़ दिए गए।
वहीं, शोर सुनकर ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में फुरकान और उसकी मां को गंभीर चोट लगी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि मकान की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। मारपीट के मामले में पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
