विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ जिला अस्पताल में आवारा कुत्तों का आतंक, मुख्य गेट पर लड़ाई से मरीजों में दहशत

Published: Fri, 04 Sep 2026 05:06 PM (IST)

हापुड़ जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर आवारा कुत्तों के आतंक से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हुई, जहां दो कुत्ते आपस में भिड़ गए।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. हापुड़ अस्पताल के मुख्य गेट पर आवारा कुत्तों का आतंक।

  2. दो कुत्तों की लड़ाई से मरीज-तीमारदार हुए परेशान।

  3. सीएमएस ने नगर पालिका को पत्र लिखने की बात कही।

संवाद सहयोगी, हापुड़। जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों और तीमारदारों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल के मुख्य गेट पर आवारा कुत्तों के झुंड ने जमकर आतंक मचाया।

दो कुत्ते आपस में भिड़ गए और काफी देर तक लड़ते रहे। कुत्तों की लड़ाई के चलते मुख्य गेट से होकर आने-जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुत्तों के हमले के डर से कई मरीज व तीमारदार रास्ते से दूर होकर निकलने को मजबूर हुए।

अस्पताल परिसर और मुख्य गेट के आसपास लंबे समय से आवारा कुत्तों की मौजूदगी मरीजों के लिए मुसीबत बनी हुई है। दो कुत्तों के बीच अचानक लड़ाई शुरू होने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कुत्ते एक-दूसरे पर झपटते रहे, सहमे रहे तीमारदार

कुत्ते एक-दूसरे पर झपटते रहे और मौजूद मरीज और तीमारदार सहम गए। कुछ देर के लिए मुख्य गेट का रास्ता भी प्रभावित रहा।

पहले से बीमार मरीजों को आवारा कुत्तों के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई तीमारदार अपने बच्चों और बुजुर्गों को संभालते हुए कुत्तों से दूरी बनाकर निकलते दिखाई दिए।

तीमारदारों का कहना था कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर आवारा कुत्तों का इस तरह घूमना गंभीर चिंता का विषय है। यदि लड़ते हुए कुत्ते किसी मरीज या तीमारदार पर झपट जाएं तो, स्थिति ओर भी अधिक गंभीर हो सकती है।

नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। मरीजों और तीमारदारों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
-डॉक्टर हेमलता सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल

यह भी पढ़ें- हापुड़ में पुरानी दुश्मनी में फिर बरसीं गोलियां, तीन घायल; गांव पहुंचे मेरठ रेंज के DIG ने दिए सख्त निर्देश