9536 मतदाताओं के लिए चुनावी तैयारियां तेज, मतगणना तक आचार संहिता पर रहेगी कड़ी नजर
हापुड़ जिला प्रशासन ने मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें कुल 9536 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
-1790414708830_m.webp)
जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी। जागरण
HighLights
मेरठ खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन 2026 की तैयारियां तेज।
हापुड़ में कुल 9536 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग।
जिलाधिकारी ने समय पर तैयारी व आचार संहिता पालन के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, हापुड़। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना और अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मतदान केंद्रों, मतदाता सूची, कार्मिकों की तैनाती, निर्वाचन सामग्री और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन के लिए जिले में आठ मतदान केंद्र और 23 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन पर कुल 5886 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
वहीं मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए छह मतदान केंद्र और छह मतदान स्थल बनाए गए हैं, जहां 3650 मतदाता पंजीकृत हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 9536 मतदाता हैं।
समय से पूरी हों सभी तैयारियां
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं के साथ मतदान कार्मिकों की तैनाती और निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा और तत्परता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ने स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण करा सकें, इसके लिए लोगों तक सही जानकारी पहुंचाई जाए।
मतगणना तक लागू रहेगी निगरानी
जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन कराया जाए। मतदान से लेकर मतगणना समाप्त होने तक अधिकारी अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक समेत जनपद स्तरीय सभी प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
