बहनों से राखी बंधवाकर लौटे चार भाइयों की जिंदगी की डोर टूटी, गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए THAR हादसे का खौफनाक वीडियो
हापुड़ में रक्षाबंधन मनाकर दिल्ली लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। गंगा एक्सप्रेसवे पर ...और पढ़ें
HighLights
हापुड़ में सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत
रक्षाबंधन मनाकर दिल्ली लौटते समय हुआ भीषण हादसा
गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी थार कार
संवाद सहयोगी, सिंभावली (हापुड)। रक्षाबंधन पर्व मनाकर अपने काम पर वापस थार कार से दिल्ली लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वही, पांचवें युवक को भी चोट आई है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, हापुड़ सड़क हादसे का सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना पर दुख व्यक्त किया। सीएम योगी ने घायलों का समुचित उपचार करवाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, जिला बदायूं थाना बिल्सी के पालपुर गांव के जोगिंदर का अलीपुर (दिल्ली) में पिन्नी प्रिंट करने का एक कारखाना है। रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने गांव आया था।
रविवार की रात जोगिंदर अपने परिचित थाना उघैती क्षेत्र के मेवली गांव के सगे भाई सुखबीर और जसवंत, थाना इस्लामनगर क्षेत्र के पुरदलपुर गांव के ममेरे भाई रवि और चचेरे भाई विष्णु के साथ थार में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।

देर रात में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12:56 बजे उनकी थार सिंभावली थाना क्षेत्र में बंगोली गांव के सामने गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंची। इसी दौरान अचानक थार अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए एक्सप्रेसवे की दूसरी लाइन में जा पहुंची। हादसे के बाद पांचों युवक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद थार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा पहुंचाया।

चिकित्सकों ने पालपुर गांव के 26 वर्षीय जोगिंदर पुत्र झाझन सिंह, मेवली गांव के 25 वर्षीय सुखबीर और 20 वर्षीय जसवंत पुत्र मोतीलाल और पुरदलपुर गांव के 20 वर्षीय रवि पुत्र करण सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पालपुर गांव निवासी विष्णु का उपचार चल रहा है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। वही, एक घायल है। चारों शवों का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में सभी के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
अन्य वाहन थार से नहीं टकराए
गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा रात करीब 12:56 बजे हुआ। हादसे के बाद थार एक्सप्रेसवे की दूसरी लाइन में जाकर पलटी थी। गनीमत रही कि उस समय दूसरी लाइन से कोई तेज रफ्तार वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि कोई वाहन थार से टकरा जाता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
-1788162584398.webp)
चारों घरों में मचा कोहराम
रक्षाबंधन पर परिवार के साथ खुशियां मनाकर दिल्ली के लिए निकले युवकों की मौत की खबर जैसे ही स्वजन को मिली, घरों में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। पुलिस ने चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
