हापुड़ में मिलावटी मिठाई पर बड़ा एक्शन, सोनपापड़ी फैक्ट्री से 110 Kg बत्तीसा जब्त
हापुड़ के पिलखुवा में खाद्य सुरक्षा टीम ने सोनपपड़ी निर्माण इकाई पर छापा मारा, जहां 110.5 किलोग्राम मिथ्याछाप बत्तीसा सीज ...और पढ़ें
-1787316604324_m.webp)
हापुड़ में छापामारी। जागरण
HighLights
पिलखुवा में सोनपपड़ी निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा टीम का छापा।
110.5 किलोग्राम मिथ्याछाप बत्तीसा जब्त, अनुमानित कीमत 10,497 रुपये।
जांच के लिए नमूने लिए गए, आगे की कार्रवाई रिपोर्ट पर निर्भर।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को पिलखुवा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर छापामारी की।
टीम ने नंद किशोर एंड ब्रदर्स की सोनपपड़ी निर्माण इकाई पर औचक निरीक्षण कर बत्तीसा के दो और बीकानेरी भुजिया का एक नमूना लिया। मौके पर करीब 110.5 किलोग्राम बत्तीसा मिथ्याछाप पाए जाने के दृष्टिगत सीज कर दिया गया। सीज किए गए बत्तीसा की अनुमानित कीमत 10,497 रुपये बताई गई है।
निर्माण प्रक्रिया की भी जांच की
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्माण इकाई का निरीक्षण करने के साथ वहां तैयार खाद्य पदार्थों और निर्माण प्रक्रिया की भी जांच की।
अधिकारियों के अनुसार, बत्तीसा के दो नमूने और बीकानेरी भुजिया का एक नमूना जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा को लेकर जारी रहेगा अभियान
निरीक्षण के दौरान निर्माणशाला में कुछ कमियां भी पाई गईं। इस पर संचालक को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गुप्ता, विपिन कुमार सिंह, आरपी गंगवार और सोवेंद्र सिंह पंघाल शामिल रहे।
