हापुड़ में त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन, 2 दिनों की छापामारी में 2.65 क्विंटल मिलावटी खाद्य पदार्थ नष्ट
हापुड़ में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है। दो दिनों की छापेमारी में करीब ...और पढ़ें
-1791721698362_m.webp)
दो दिन में 2.65 क्विंटल खाद्य पदार्थ नष्ट। जागरण
जागरण संवाददाता, हापुड़। त्योहारों की आहट के साथ बाजार में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने लगी है। ऐसे में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने छापेमारी तेज कर दी है।
9 और 10 अक्टूबर को जिले में हुई कार्रवाई के दौरान करीब दो क्विंटल सोया चाप और 65 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों में सोया चाप मिलने पर एक प्रतिष्ठान बंद कराया गया, जबकि दो डेयरी प्रतिष्ठानों से घी सीज किया गया। टीमों ने दूध, घी, खोया, पनीर, सोया चाप और कुट्टू के आटे के आठ नमूने भी संग्रहित किए।
एडीएम संदीप सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नौ अक्टूबर को ददायरा स्थित रविंद्रा डेयरी से घी, खोया, दूध और पनीर के नमूने लिए। स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मानसी एंटरप्राइजेज पर जांच के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा करीब दो क्विंटल सोया चाप मिला। टीम ने इसे नष्ट कराने के साथ प्रतिष्ठान बंद करा दिया।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के सादुल्लापुर लोधी स्थित अमृत डेयरी से घी के दो नमूने लेकर 20 लीटर घी सीज कराया गया। दस अक्टूबर को भी विभाग की कार्रवाई जारी रही। राघव पनीर केंद्र से पनीर का नमूना लेने के साथ दूषित अवस्था में मिला करीब 65 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 17,550 रुपये बताई गई है।
पाटिया मंडी स्थित श्री चंडी जी ट्रेडर्स से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया। वहीं, गुरुदेव पनीर एवं खोया भंडार से देशी घी और खोया के नमूने लेकर करीब 25 किलोग्राम घी सीज कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 18,750 रुपये बताई गई है।
विभाग की ओर से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग की कार्रवाई अहम है। हालांकि, मिलावट की पुष्टि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही होगी।
