विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में 500 रुपये की पेनल्टी पर विवाद, घर में घुसकर हमला, पिता गंभीर घायल

Published: Fri, 09 Oct 2026 02:11 PM (IST)

हापुड़ में कार की किस्त और 500 रुपये की पेनल्टी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के घर में ...और पढ़ें

हापुड़ में 500 रुपये की पेनल्टी पर विवाद, घर में घुसकर हमला  ( एआई जेनरेटेड इमेज )

हापुड़ में 500 रुपये की पेनल्टी पर विवाद, घर में घुसकर हमला ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. कार की किस्त और 500 रुपये पेनल्टी पर हुआ विवाद।

  2. घर में घुसकर लाठी-डंडों और रॉड से किया हमला।

  3. हमले में पिता गंभीर रूप से घायल, मेरठ रेफर।

केशव त्यागी, हापुड़। कार की किस्त और पांच सौ रुपये की पेनल्टी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की राड से हमला करने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि हमले में पीड़ित के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया। वर्तमान में उनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

हैदरनगर के सौरभ ने दी मामले की जानकारी 

गांव हैदरनगर के सौरभ ने बताया कि उसने गांव के सनी से 20 जनवरी 2026 को स्विफ्ट डिजायर कार पांच लाख रुपये में खरीदने का सौदा किया था। उसने एक लाख रुपये नकद दे दिए थे, जबकि शेष रकम कार पर चल रहे वित्तीय ऋण की किस्तों के रूप में जमा करना तय हुआ था।

वह लगातार किस्त की रकम सनी के खाते में जमा करता आ रहा था। आरोप है कि अगस्त 2026 की किस्त जमा नहीं होने के बाद सनी ने सौरभ से पांच सौ रुपये की पेनल्टी मांगी। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोपितों ने परिवार के लोगों से की मारपीट 

सौरभ के मुताबिक, चार अक्टूबर की शाम करीब छह से सात बजे सनी, मोनू, विजय और एक अन्य व्यक्ति लाठी-डंडे व लोहे की राड लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के लोगों के साथ मारपीट की।

हमले में सौरभ के पिता को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार को बचाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।