विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, ईएमटी की सूझबूझ से सुरक्षित हुआ जच्चा-बच्चा का प्रसव

By Thakur D P AryaEdited By: Kapil Kumar
Published: Thu, 17 Sep 2026 10:42 AM (IST)

हापुड़ में जिला अस्पताल जाते समय एक गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में बच्चे को जन्म दिया। ईएमटी देवकी नंदन की ...और पढ़ें

महिला ने एंबुलेंस में नवजात को दिया जन्म। जागरण

महिला ने एंबुलेंस में नवजात को दिया जन्म। जागरण

HighLights

  1. एंबुलेंस में ही गर्भवती महिला का सफल प्रसव हुआ।

  2. ईएमटी देवकी नंदन ने आपात स्थिति में प्रसव कराया।

  3. जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ, परिजनों ने आभार जताया।

हर्ष अग्रवाल, हापुड़। हापुड़ में जिला अस्पताल पहुंचने की उम्मीद में एंबुलेंस दौड़ रही थी, लेकिन रास्ते में ही प्रसव पीड़ा इतनी बढ़ गई कि कुछ ही पल में स्थिति आपातकालीन हो गई।

एंबुलेंस के भीतर महिला की चीख-पुकार के बीच ईएमटी देवकी नंदन ने बिना घबराए मोर्चा संभाला। चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार, तत्काल प्रसव कराया गया और कुछ ही देर में एंबुलेंस में नवजात की किलकारी गूंज उठी। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहे।

जिला अस्पताल के लिए रेफर किया

ईएमटी देवकी नंदन ने बताया कि गर्भवती महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा और फेल्योर टू प्रोग्रेस की स्थिति के कारण सीएचसी से दस्तोई रोड स्थित जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा तेज हो गई और प्रसव की स्थिति बन गई।

गंभीरता को भांप तत्काल एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोका और सूझबूझ और प्रशिक्षण के अनुसार, प्रसव प्रक्रिया शुरू कराई। कुछ ही देर में महिला ने नवजात को जन्म दिया।

एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव होने के बाद मां और नवजात की स्थिति की जांच की गई। दोनों स्वस्थ पाए गए। इसके बाद उन्हें आगे की आवश्यक जांच और देखभाल के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

नवजात की किलकारी से दूर हुई परिजनों की चिंता

अचानक बनी आपात स्थिति में एंबुलेंस के भीतर प्रसव होने से परिजन घबरा गए थे, लेकिन ईएमटी देवकी नंदन की तत्परता ने स्थिति को संभाल लिया। नवजात की किलकारी सुनते ही परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई। उन्होंने ईएमटी देवकी नंदन और पूरी एंबुलेंस टीम का आभार जताया।

108 एंबुलेंस सेवा का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। ईएमटी देवकी नंदन और उनकी टीम ने सराहनीय कार्य किया है। - सौरभ शर्मा, जिला प्रभारी