विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरे खाते में डाले 'काली कमाई' के 15 लाख रुपये', हापुड़ में मां ने PCS अफसर बेटी पर दर्ज कराई FIR

Published: Thu, 02 Jul 2026 08:11 AM (IST)

हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ उनकी मां ने धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।

डॉ. सीमा चौधरी - जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ।

डॉ. सीमा चौधरी - जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) । 

HighLights

  1. डीएसओ सीमा चौधरी सहित पांच पर मां ने दर्ज कराया मुकदमा।

  2. धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी के आरोप।

  3. पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, हापुड़। जिले में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सीमा चौधरी समेत पांच लोगों के खिलाफ उनकी मां ने थाना सरसावा में धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है आरोप?

ग्राम मिरपुर सीतापुर निवासी श्रीमती मुनेश रानी की तहरीर पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि उनकी पुत्री सीमा चौधरी, संजीव कुमार चौधरी, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार ने आपस में मिलकर उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची। आरोप है कि उनके बैंक खाते में बिना जानकारी के 15 लाख रुपये जमा कराए गए तथा खाते का संचालन भी उनकी जानकारी के बिना किया जाता रहा।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार कर उनके जाली हस्ताक्षरों के आधार पर जमीन हड़पने का प्रयास किया गया। हस्ताक्षरों की जांच कराने पर उनके फर्जी होने की बात सामने आने का भी दावा किया गया है।

मुनेश रानी ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।