हापुड़ में पक्का बाग चौराहा बनेगा मॉडल, जलभराव और अतिक्रमण पर एक्शन में डीएम कविता मीना
हापुड़ में जिलाधिकारी कविता मीना ने जलभराव, अतिक्रमण और यातायात समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।
HighLights
हापुड़ में जलभराव, अतिक्रमण, यातायात समस्या पर डीएम ने दिए निर्देश।
पक्के बाग चौराहा को मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
दोयमी फाटक पर अधूरे नाले का निर्माण शीघ्र पूरा करने को कहा।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में जलभराव, अतिक्रमण और यातायात की समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।
सोमवार को जिलाधिकारी कविता मीना ने पक्के बाग चौराहा और दोयमी फाटक स्वर्ग आश्रम रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पक्के बाग चौराहे पर निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की स्थिति सामने आई। इसके चलते चौराहे पर यातायात प्रभावित होने के साथ बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चौराहे से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नाले-नालियों की तत्काल सफाई कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा, ताकि बरसात में सड़क पर पानी जमा न हो।
उन्होंने कहा कि पक्के बाग चौराहा शहर का प्रमुख चौराहा है। इसे माडल चौराहे के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए यातायात व्यवस्था के साथ साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
अधूरे नाले ने बढ़ाई दोयमी फाटक की मुसीबत
इसके बाद जिलाधिकारी ने दोयमी फाटक स्वर्ग आश्रम रोड का निरीक्षण किया। यहां नाला निर्माण अधूरा मिलने और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी भरा मिला। जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल पंप लगाकर पानी निकलवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वर्ग आश्रम रोड पर अधूरे नाला निर्माण को तेजी से पूरा कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि केवल जलभराव हटाना पर्याप्त नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी जल निकासी व्यवस्था तैयार की जाए जिससे भविष्य में समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
