यूट्यूब पर ड्राई फ्रूट का विज्ञापन देख ऑर्डर करना पड़ा महंगा, हापुड़ में रिटायर्ड अफसर से 84 हजार की ठगी
हापुड़ में एक सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी यूट्यूब पर ड्राई फ्रूट का विज्ञापन देखकर साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ...और पढ़ें
-1789187003209_m.webp)
HighLights
सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी यूट्यूब विज्ञापन से ठगी का शिकार।
ड्राई फ्रूट ऑर्डर के बहाने खाते से 84,325 रुपये निकाले गए।
हापुड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में यूट्यूब पर ड्राई फ्रूट का विज्ञापन देखकर ऑर्डर करना रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को महंगा पड़ गया।
साइबर ठगों ने रिफंड के नाम पर अलग-अलग कोड और पेमेंट का झांसा देकर उनके खाते से 84,325 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर हापुड़ देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्राई फ्रूट का विज्ञापन देखा
कृष्णानगर निवासी रिटायर्ड एयरफोर्स फ्लाइंग ऑफिसर नरेंद्र कुमार गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि 29 जून को उन्होंने यूट्यूब पर श्रीराम ड्राई फ्रूट का विज्ञापन देखा था।
विज्ञापन के आधार पर बादाम, किशमिश और काजू का एक-एक किलो का ऑर्डर किया और 1080 रुपये फोनपे के जरिए भुगतान किया।
नंबर पर संपर्क किया
वहीं, 2 जुलाई को दोबारा विज्ञापन देखने पर उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। फोन करने वाले ने अपना नाम राजेश दीवान बताते हुए जीएसटी समस्या के कारण 1080 रुपये वापस करने की बात कही।
खाते से 84,325 रुपये निकाले
इसके बाद ठग ने पेमेंट और रिफंड के नाम पर अलग-अलग कोड भेजकर रकम जमा कराई। इसी तरह कई लेनदेन में उनके खाते से कुल 84,325 रुपये निकल गए।
शक होने पर पीड़ित साइबर सेल पहुंचे और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत संख्या 33107260155473 है। साथ ही एसबीआई हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई। हापुड़ देहात पुलिस ने राजेश दीवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
