6 महीने से अस्पताल में बेटा, चक्कर काटती रही मां; हापुड़ में SP के एक्शन के बाद जागी पुलिस
हापुड़ में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक विकास छह महीने से जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
विकास छह महीने से अज्ञात वाहन की टक्कर से जिंदगी के लिए संघर्षरत।
मां की शिकायत पर एसपी के आदेश से पुलिस ने FIR दर्ज।
हापुड़ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू की।
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गढ़-दिल्ली रोड स्थि लोहिया पार्क कट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक छह महीने से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल विकास को हापुड़ से पिलखुवा और फिर मेरठ रेफर किया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
पीड़ित की मां कांता की शिकायत पर अब हापुड़ नगर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव सबली की कांता ने बताया कि 14 मई 2026 की रात करीब साढ़े दस बजे उनका बेटा विकास मजदूरी करके घर लौट रहा था।
लोहिया पार्क कट के पास लगी थी जोरदार टक्कर
जब वह आनंद विहार स्थित लोहिया पार्क कट के पास पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और घायल को आनंद विहार स्थित होशियारी देवी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर 15 मई की रात करीब तीन बजे उसे जीएस मेडिकल कॉलेज, पिलखुवा रेफर कर दिया गया।
6 महीने बाद भी हालत गंभीर
वहां भी सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज भेज दिया। विकास की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्होंने सात अगस्त को हादसे के संबंध में कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
इसके बाद 21 सितंबर को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अब पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
