हापुड़ वालों के लिए बड़ा मौका, मतदाता सूची में ऐसे जुड़वाएं अपना नाम; 24 अक्टूबर तक लगेंगे विशेष कैंप
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में 24 अक्टूबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष कैंप लगेंगे। एसडीएम अशोक कुमार ...और पढ़ें

24 अक्तूबर तक लगेंगे विशेष कैंप।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम जोड़ने के लिए शनिवार से 24 अक्तूबर तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कैंप आयोजित होंगे। व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
एसडीएम अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को अभियान के तहत अवसर दिया जाएगा। सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास फार्म-6, अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची, पूरक सूचियां और एएसडी सूची उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म भरने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र नंबर साथ होने से भी प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी।
400 बूथों पर रहेगी अधिकारियों की नजर
एसडीएम के अनुसार विधानसभा क्षेत्र के 400 बूथों पर विशेष कैंपों की व्यवस्था की निगरानी के लिए पांच एआरओ और 37 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तहसीलदार हेमंत सिंह, नायब तहसीलदार और खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित अधिकारी मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
एसडीएम ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कैंपों में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
