गढ़मुक्तेश्वर मेले की तैयारियां तेज, सड़कों का चौड़ीकरण शुरू; 35 लाख से अधिक भक्तों को मिलेगी जाम से राहत
गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें मेला मार्ग का चौड़ीकरण प्रमुख है। इससे श्रद्धालुओं ...और पढ़ें
-1792318713526_m.webp)
मेला मार्ग के चौड़ा होने से श्रद्धालुओं को मिलेगी जाम से राहत। जागरण
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां जोरों पर।
मेला मार्ग का चौड़ीकरण कार्य तेजी से जारी।
श्रद्धालुओं को जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। गंगा खादर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर तैयारियों में तेजी आ गई है।
मेला प्रारंभ होने में अब मात्र 20 दिन से भी कम का समय रह गया है। लेकिन मेला स्थल से गन्ना कटाई में अपेक्षित गति नहीं आ रही है। वहीं, मेला मार्ग को चौड़ा करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
गढ़मुक्तेश्वर के गंगा खादर क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन किया जाता है। दस नवंबर के बाद यहां श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। इस मेले में करीब 35 लाख श्रद्धालु पड़ाव डालते हैं। ऐसे में इस मेले की तैयारियों के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाता है।
मेला मार्ग पर लग जाता है जाम
कार्तिक पूर्णिमा एवं एक दिन पूर्व चतुर्दशी को मेला मार्ग पर जाम लग जाता है। यहां तीन से चार किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को घंटों का समय लग जाता है। ऐसे में इस मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सेवा देने के लिए मेला मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
वहीं, दोनों तरफ करीब दो-दो मीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसके लिए करीब 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। यदि मेला प्रारंभ होने से पूर्व इस सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया तो यहां जाम की समस्या समाप्त होने की संभावना है।
इस बार कार्तिक पूर्णिमा का स्नान 24 नवंबर को होगा, जबकि दीपदान 23 नवंबर को होगा। मेले में श्रद्धालुओं का आगमन दस नंवबर के बाद शुरू हो जाएगा। ऐसे में मेला क्षेत्र में खड़ा गन्ना अभी समस्या बढ़ा रहा है।
इस संबंध में जिला पंचायत के अवर अभियंता शिवांग यादव का कहना है कि मेला क्षेत्र से गन्ना हटाने के लिए कामगारों को लगाया गया है। समय रहते सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया जाएगा।
