विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्री, उड़ानें रद होने से बढ़ीं मुश्किलें; ठहरने और वतन वापसी की गुहार

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:06 PM (IST)

सऊदी अरब में उमराह करने गए भारतीय यात्री, जिनमें गढ़मुक्तेश्वर का एक परिवार भी शामिल है, उड़ानें रद होने के ...और पढ़ें

सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्री। AI जनरेटेड इमेज

सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्री। AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. उड़ानें रद्द होने से उमराह यात्री सऊदी अरब में फंसे।

  2. गढ़मुक्तेश्वर का नौ सदस्यीय परिवार भी वापसी को तरस रहा।

  3. यात्रियों को ठहरने और भोजन की व्यवस्था में चुनौती।

संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। सऊदी अरब में उमराह करने गए भारतीय यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अचानक उड़ानें रद होने से कई यात्री मक्का में फंस गए हैं और उनकी वतन वापसी का कार्यक्रम बिगड़ गया है।

इनमें गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला चौधरियान निवासी हाजी इस्लाम का परिवार भी शामिल है। नौ सदस्यों के साथ उमराह करने गए हाजी इस्लाम की वापसी के लिए 27 अक्टूबर को इंडिगो की फ्लाइट बुक थी, लेकिन उड़ान रद होने के बाद परिवार को अब तक दूसरी फ्लाइट नहीं मिल सकी है। ऐसे में परिवार के सामने जल्द भारत लौटने की चुनौती खड़ी हो गई है।

यात्रा अधर में लटक गई

हाजी इस्लाम ने फोन पर बातचीत में बताया कि वह अपने परिवार के 9 सदस्यों के साथ उमराह के लिए सऊदी अरब गए हैं। परिवार की वापसी के लिए 27 अक्टूबर का टिकट बुक कराया गया था, लेकिन अचानक फ्लाइट रद होने से उनकी यात्रा अधर में लटक गई। अब ट्रैवल एजेंसी दूसरे देश के रास्ते भारत वापसी का विकल्प तलाश रही है।

समूह में 40 यात्री शामिल

बताया गया है कि उनके साथ एक समूह में करीब 40 यात्री शामिल हैं, जिन्हें वापसी के लिए वैकल्पिक इंतजाम का इंतजार है। उन्होंने बताया उड़ानें रद होने से यात्रियों के सामने केवल भारत लौटने की समस्या ही नहीं, बल्कि ठहरने और भोजन की व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया है।

हाजी इस्लाम के मुताबिक, कई यात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। एयरलाइंस की ओर से टिकट का रिफंड देने की बात कही गई है, लेकिन यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता जल्द से जल्द अपने घर पहुंचने की है।

वैकल्पिक उड़ानों के सहारे वतन वापसी की उम्मीद

सऊदी अरब में बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच उड़ानों पर पड़ रहे असर से उमराह यात्रियों की परेशानी बढ़ी है। अब यात्रियों की निगाहें वैकल्पिक उड़ानों और ट्रैवल एजेंसी की व्यवस्था पर टिकी हैं। गढ़मुक्तेश्वर का परिवार भी सुरक्षित भारत वापसी के इंतजार में है।