NCR से बाहर होंगी रोडवेज की 29 बसें, 6 कंडम घोषित; गढ़मुक्तेश्वर डिपो में बढ़ सकती है यात्रियों की परेशानी
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की गढ़मुक्तेश्वर डिपो से 29 निर्धारित आयु पूरी कर चुकी बसें एनसीआर से बाहर ...और पढ़ें

आयु पूरी कर चुकीं 29 बसों को एनसीआर क्षेत्र से बाहर भेजने की तैयारी।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की गढ़मुक्तेश्वर डिपो में निर्धारित आयु पूरी कर चुकीं 29 बसों को एनसीआर क्षेत्र से बाहर भेजने की तैयारी है। ऐसे में नई बसें उपलब्ध नहीं होने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग को नई बसों की मांग के लिए पत्र भेजा गया हैं।
गढ़ रोडवेज डिपो में निर्धारित आयु पूरी कर चुकीं बसों को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। इन बसों को प्रयागराज समेत एनसीआर से बाहर स्थित डिपो में भेजने की योजना है।
वहीं, कंडम घोषित की गई छह बसों को नीलामी के माध्यम से हटाया जाएगा। इससे पहले भी निर्धारित आयु पूरी करने वाली बसों को डिपो अधिकारियों ने मुख्यालय से अनुमति लेकर दूसरे डिपो में भेजा है।
संचालन पर प्रतिबंध लागू
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम रोडवेज डिपो के एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में डीजल वाहनों के संचालन की निर्धारित आयु 10 वर्ष है, जबकि गैर-एनसीआर क्षेत्रों में डीजल वाहनों के लिए यह सीमा 15 वर्ष है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद इन वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लागू होता है।
इसी के चलते डिपो की 29 बसों को गैर-एनसीआर डिपो में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इनमें से छह बसों को कंडम घोषित किया गया है, जिनकी मेरठ में नीलामी कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि डिपो के लिए अतिरिक्त बसों की मांग की गई है। नई बसें मिलने के बाद यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
