मौनी अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
कड़ाके की ठंड के बावजूद तीर्थ नगरी ब्रजघाट में हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। मौनी अमावस्या के मौके पर गंगा में स्नान के श्रद्धालुओं की भीड़ रही। घाटों पर हवन-पूजन करा प्रसाद चढ़ाकर लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य कमाया। वहीं पुलिस की व्यवस्था होने के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर श्रद्धालुओं को जाम के झाम से जूझना पड़ा।
संवाद सहयोगी, ब्रजघाट
कड़ाके की ठंड के बावजूद तीर्थ नगरी ब्रजघाट में लाखों श्रद्धालुओं ने मौनी अमावस्या पर गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।
सोमवार को मौनी अमावस्या पर ब्रजघाट में गंगा स्नान करने वालों की भीड़ लगी रही। सूर्योदय होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा घाट की ओर जानी शुरू हो गई थी। कड़ाके की सर्दी भी श्रद्धालुओं को सुबह स्नान करने से नहीं रोक सकी। भोर की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं ने डुबकी लगानी शुरू कर दी।
स्नान के दौरान श्रद्धालु मौन रहे और बाद में हर-हर गंगे बोलकर मौन खोला। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने हवन पूजन किया और तिलक लगाकर प्रसाद ग्रहण किया। अमावस्या पर स्नान के दौरान ब्रजघाट में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं के वाहनों की भीड़ के कारण हाईवे पर ट्रैफिक धीमी गति के साथ रेंगा। इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मोबाइल व पर्स चोरी : दिल्ली के जनकपुरी निवासी रीमा गुप्ता का पर्स चोरी हो गया, जिसमें करीब 3200 रुपये थे। दूसरी घटना गंगा स्नान करने आए मेरठ निवासी अनुराग के साथ हुई। उनका मोबाइल चोरी हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। पांच श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया : हरियाणा के जनपद सोनीपत निवासी फूल ¨सह, दिल्ली के नजबगढ़ निवासी उम्मेद ¨सह, बागपत निवासी माया, जोया निवासी कौशल, मेरठ निवासी मोहनदास स्नान करते समय गहरे जल में जाने से डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोर दीपचंद व भोलू की टीम ने पांचों श्रद्धालुओं को सकुशल बचा लिया। श्रद्धालुओं ने गोताखोरों का आभार व्यक्त किया। महिला श्रद्धालु की हार्टअटैक से मौत : राजस्थान के जिला झुंझनू के गांव गुडा पोक निवासी रामलाल के दादा रामस्वरूप की मौत हो गई थी। उनकी अस्थियां विसर्जन करने के लिए रामलाल अपनी माता 78 वर्षीय जोरा देवी के साथ अस्थियां विसर्जन करने आए थे। अस्थियां विसर्जन के बाद गंगा स्नान को गईं जोरा देवी के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। आनन फानन में परिजन जोरा देवी को अस्पताल ले गए, जहां डॉ. ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन महिला के शव को बिना किसी कार्रवाई के एंबुलेंस से अपने पैतृक गांव ले गए। दो किलोमीटर लंबा लगा जाम
ब्रजघाट : मौनी अमावस्या पर पुलिस की यातायात व्यवस्था चौपट रही। राष्ट्रीय राजमार्ग -9(पूर्व में 24 पर ) करीब दो किलो मीटर लंबा जाम लगा रहा। जाम में फंसकर श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हर कोई इसी प्रयास में था कि किसी तरह जाम से निकलकर अपने गंतव्य की ओर पहुंच सके। ब्रजघाट पुल पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को जाम को खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दिन में कई बार रूक-रूककर जाम लगा। सीओ अशोक शुक्ल का कहना है कि वाहनों के दवाब के कारण दिक्कत आई थी।