विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे टोल पर नहीं लगेंगे 'ब्रेक', फास्टैग से डेढ़ सेकेंड में खुलेगा बैरियर; अनुमानित दरें जारीं

Published: Mon, 19 Jan 2026 07:37 PM (IST)

गंगा एक्सप्रेसवे फरवरी के दूसरे सप्ताह में खुलने वाला है। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक फैला ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे के टोल का सफल परीक्षण हुआ। जागरण

गंगा एक्सप्रेसवे के टोल का सफल परीक्षण हुआ। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे फरवरी के दूसरे सप्ताह में आरंभ हो जाएगा। यह 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक बनकर तैयार हो गया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथाॅरिटी (यूपीडा) ने फास्टैग टोल सिस्टम का सफल ट्रायल कर लिया है।

इसके बाद अब यह प्रोजेक्ट अंतिम चरण में है और अगले महीने यात्रियों के लिए जल्द खुल जाएगा। इसपर सफर के लिए प्रस्तावित टोल दर तैयार कर ली गई हैं। कार-जीप और टोटे वाहनों का मेरठ से इलाहाबाद तक जाने का टोल 1515 रुपये होगा। आवागमन पर इसके लिए 3030 रुपये का भुगतान करना होगा।

वहीं, टोल बूम पर अत्याधुनिक कैमरों और सर्विस सिस्टम को लगाया गया है। प्रारंभिक परीक्षण में फास्टैग को सकैन कर टोल बूम एक से डेढ़ सेकेंड में खुल गया। इंजीनियर का प्रयास है कि टोल बूथ पर वाहन चालकों को ब्रेक लेने की जरूरत नहीं होगी। गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके तहत मेरठ सर्किल के टोल प्लाजा के सभी आठ टोल बूथ का परीक्षण किया गया। परीक्षण के तहत टोल बूथों से वाहनों को गुजारा गया।

यहां लगे स्कैनर ने दूर से ही वाहन पर लगे फास्टैग को स्कैन कर लिया और बैरियर (बूम) खोल दिया। वाहन ब्रेक लगाए बिना ही टोल बूथ से गुजर गए। इसके अलावा मेरठ से बदायूं तक 130 किमी के प्रथम पैकेज में सभी पांच निकास स्थलों पर टोल बूथों का परीक्षण कर लिया गया है।

गंगा एक्सप्रेसवे के चार पैकेज हैं। प्रथम पैकेज मेरठ से बदायूं तक का है। इसका संचालन आइआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर है। जबकि आगे के तीनों पैकेज अडानी ग्रुप के पास हैं। मेरठ से बदायूं तक सफर पूरा होने पर वहां स्थापित टोल प्लाजा से टोल टैक्स काट लिया जाएगा। इसके आगे के तीनों पैकेज का टोल प्रयागराज में एक साथ कटेगा।

इसी प्रकार वापसी में भी बदायूं में तीन पैकेज का टोल काट लिया जाएगा। बदायूं से मेरठ तक आने का टोल मेरठ में कटेगा। गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल वाहन के प्रकार और दूरी पर निर्भर होगा। अनुमानित दरों के साथ ही मासिक पास और छोटे रूट के लिए अलग दरें भी तैयार की जा रही हैं। उनको जल्द घोषित कर दिया जाएगा।

अनुमानित टोल दरें (प्रति किलोमीटर)

वाहन श्रेणी प्रति किमी दर (रुपये)
कार, जीप, वैन व हल्के वाहन 2.55
हल्के वाणिज्यिक वाहन व मिनी बस 4.05
बस और ट्रक 8.15
भारी निर्माण वाहन 12.55
ओवरसाइज़ वाहन 16.05

विशेष दरें (एकतरफा पास, अनुमानित)

वाहन प्रकार अनुमानित शुल्क (रुपये)
कार / वैन (शॉर्ट डिस्टेंस) लगभग 145
बस / ट्रक लगभग 455

मेरठ सर्किल में यहां पर हैं टोल बूथ 

  • सिंभाली में दिल्ली-मुरादाबाद रोड
  • सदरपुर में गढ़ - बुलंदशहर रोड
  • संभल में अनूपशहर जाने वाली रोड
  • हसनपुर से अलीगढ़ जाने वाली रोड
  • चंदौसी से अलीगढ़ को जाने वाली रोड

गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण से मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर समेत कई जिलों के किसानों की दिनचर्या और रहन-सहन में बड़ा बदलाव आया है। भूमि के दाम बढ़े हैं और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होते ही गंगा एक्सप्रेसवे विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाएगा और निवेशकों को आकर्षित करेगा।

- राकेश मोगा, सर्किल प्रभारी, यूपीडा।

गंगा एक्सप्रेसवे पर 120 किमी प्रति घंटा की गति से वाहन दौड़ेंगे। सुरक्षा के लिए हाई पावर कैमरे, स्ट्रीट लाइट्स और अत्याधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाए गए हैं। आपात स्थिति में एक्सप्रेसवे पर हवाई जहाज भी उतारे जा सकेंगे। टोल बूथ पर चालकों को वाहन को रोकने की जरूरत नहीं है। अधिकतम डेढ़ सेकेंड में फास्टैग रीड कर बूम खुल जाएगा।

- अनूप सिंह, सीजीएम, आईआरबी इन्फ्रा

यह भी पढ़ें- दिल्ली मंडल ने 9 महीने में 4.35 लाख यानी पकड़े बिना टिकट, 31.88 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला