छात्रवृत्ति हड़पने के लिए किया फर्जी आवेदन
अनुसूचित जाति की छात्रा की छात्रवृत्ति हड़पने के लिए कॉलेज के प्राचार्य और लिपिक ने फर्जीवाड़ा कर डाला। जबकि छात्रा ने दूसरे जनपद के एक विद्यालय में प्रवेश ले लिया था। पकड़े जाने के डर से प्राचार्य ने समाज कल्याण विभाग को छात्रवृत्ति लौटा दी। छात्रा ने प्राचार्य और लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी को तहरीर दी है।
जागरण संवाददाता, हापुड़ : अनुसूचित जाति की छात्रा की छात्रवृत्ति हड़पने के उद्देश्य से एक कॉलेज के प्राचार्य और लिपिक ने फर्जीवाड़ा कर डाला। जिस छात्रा के नाम पर फर्जीवाड़ा किया गया था उसने दूसरे जनपद के विद्यालय में प्रवेश ले लिया था। पकड़े जाने के डर से प्राचार्य ने समाज कल्याण विभाग को छात्रवृत्ति लौटा दी। छात्रा ने प्राचार्य और लिपिक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी है।
गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव देवली निवासी रेखा ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अनुसूचित जाति की छात्रा है। वर्ष 2016-17 में बीएड की काउंसि¨लग के बाद मोदीनगर रोड स्थित एक कॉलेज में आवेदन किया था, लेकिन प्रवेश नहीं लिया था। इस संबंध में कॉलेज को लिखित रूप से अवगत भी करा दिया था। इसके बाद उसने एलएलबी करने के लिए सरकारी स्कूल में आवेदन किया था। इसके बाद मुजफ्फरनगर के डीएवी कॉलेज में उसे प्रवेश मिल गया। डीएवी कालेज में उसकी छात्रवृत्ति नहीं आने पर उसने कॉलेज प्रबंधन से वार्ता की तो उन्होंने बताया कि एक बार पहले छात्रवृत्ति ले लिए जाने के कारण उसे दोबारा छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। उसने इस संबंध में जानकारी की तो पता चला कि मोदीनगर रोड कॉलेज के प्राचार्य और लिपिक ने फर्जी रूप से उसका प्रवेश अपने कॉलेज में दर्शा कर फर्जी रूप से उसकी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर दिया। इस संबंध में प्राचार्य से वार्ता की तो उन्होंने बताया कि उन्होंने मानवता के नाते उसे छात्रवृत्ति दिलाने के लिए आवेदन कर दिया था। इसके बाद कॉलेज ने समाज कल्याण विभाग को छात्रवृत्ति के 57 हजार रुपये लौटा दिए। पीड़िता ने बताया कि कॉलेज के प्राचार्य और लिपिक ने फर्जीवाड़ा करके छात्रवृत्ति हड़पने की कोशिश की। इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पीड़िता को जांच के बाद न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।