केबिल बॉक्स फटने से हजारों घरों की बिजली गुल
टाऊन हॉल बिजली घर का केबिल बॉक्स फटने से हजारों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जबकि नगर के प्रमुख बाजारों में भी बिजली की समस्या रही। इस कारण लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। करीब 12 घंटे बाद भी आपूर्ति सुचारू ना होने से लोग परेशान रहे। हालांकि ऊर्जा निगम की केबिल बॉक्स को सही करने में जुटी रही।
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
टाऊन हॉल बिजली घर का केबिल बॉक्स फटने से हजारों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जबकि, नगर के प्रमुख बाजारों में भी बिजली की समस्या रही। इस कारण लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। करीब 12 घंटे बाद भी आपूर्ति सुचारू ना होने से लोग परेशान रहे। हालांकि, ऊर्जा निगम की केबिल बॉक्स को सही करने में जुटी रही।
बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे अचानक टाऊन हॉल बिजली घर का केबिल बॉक्स में फाल्ट के बाद खराबी आ गई। जिसके बाद बिजली घर से जुड़े मोहल्लों और बाजारों की आपूर्ति ठप हो गई। रेलवे रोड, मोहल्ला श्रीनगर, शिवपुरी, त्यागी नगर, पटेल नगर, देवलोक कालोनी, सूरज गंज, जवाहर गंज, गोल मार्केट, अतरपुरा चौपला, प्रेमपुरा, गढ़ रोड, छोटी मंडी, पक्का बाग, त्यागी नगर, इंद्रलोक कालोनी, भगवती गंज, बर्तन बाजार, त्यागी नगर सहित कई मोहल्लों और बाजारों में आपूर्ति बंद हो गई। शुक्रवार की सुबह लोगों को फाल्ट की जानकारी हो सकी। इसके बाद लोगों ने बिजली घर पर जानकारी की तो फाल्ट की जानकारी हुई।
सुबह के समय लोगों को पानी की किल्लत का सामना भी करना पड़ा। बिजली ना आने के कारण लोगों को पानी तक नसीब नहीं हुआ। जिस कारण लोगों के घरों तक के कार्य प्रभावित हुए। उपखंड अधिकारी (प्रथम) पूजा वर्मा सदैव केबिल बॉक्स को जल्दी ठीक कराने के लिए जुटी रहीं।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी प्रथम पूजा वर्मा का कहना है कि बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे केबिल बॉक्स फटा था। फाल्ट को सही कराया जा रहा है। जल्द आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।