यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धूल फांक रही वैक्यूम क्लीनर मशीन
जागरण संवाददाता हापुड़ शहर के मुख्य मार्गों और फ्लाईओवरों से प्रतिदिन हजारों वाहन गुज

जागरण संवाददाता, हापुड़ :
शहर के मुख्य मार्गों और फ्लाईओवरों से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। इस कारण सड़कों पर धूल रहती है। जिसे हटाने के लिए वैक्यूम क्लीनर मशीन खरीदी तो गई थी, लेकिन इसका इस्तेमाल ना के बराबर होता है।इस कारण सड़कों पर धूल रहती है। जो हवा के साथ उड़कर वायु प्रदूषण को बढ़ाती है।
गढ़ रोड, दिल्ली रोड, बुलंदशहर रोड, मेरठ रोड, स्वर्ग आश्रम रोड, रेलवे रोड, फ्रीगंज रोड से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। यह सभी शहर के मुख्य मार्ग हैं। इन मार्गों पर डिवाइडर भी बने हुए हैं। सड़क पर चलने वाले वाहनों के टायरों के सहारे आने वाले धूल इन डिवाइडरों के किनारे पर जम जाती है। जिसे हटाने के लिए नगर पालिका ने लाखों रुपये की कीमत से वैक्यूम क्लीनर मशीन खरीदी थी। कुछ समय तक तो इस मशीन का इस्तेमाल हुआ, लेकिन धीरे-धीरे मशीन का संचालन बंद हो गया। अब नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों के जिम्मे इन सड़कों की सफाई रहती है, लेकिन असुरक्षा के चलते इनकी सफाई करने में कर्मचारी हिचकते हैं।
इसी प्रकार गढ़ रोड, मेरठ रोड और स्वर्ग आश्रम रोड फ्लाईओवर पर भी धूल हर समय जमी नजर आती है। जब भी तेज हवा चलती है तो इन मार्गों से लोगों का गुजरना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में नगर पालिका यदि वैक्यूम क्लीनर मशीन से प्रतिदिन सफाई कार्य कराए तो वायु प्रदूषण में कुछ कमी आ सकती है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार गौतम का कहना है कि प्रतिदिन डिवाइडरों और मुख्य मार्गों की सफाई का कार्य कराया जाता है। यदि कहीं लापरवाही हुई है तो कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
