चुनाव ड्यूटी से पहले लंबित विवेचनाओं का करें निस्तारण : एसपी
भिन्न अपराधों के संबंध में दर्ज मुकदमों में पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने कमर कस ली है। लंबित विवेचनाओं पर कप्तान ने विवेचकों के पेच कसते हुए निस्तारण में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। साथ ही कहा है कि चुनाव ड्यूटी में जाने से पहले अधिक से अधिक विवेचनाओं का निस्तारण
जागरण संवाददाता, हापुड़ : विभिन्न अपराधों के संबंध में दर्ज मुकदमों में पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने कमर कस ली है। लंबित विवेचनाओं पर उन्होंने विवेचकों को मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने चुनाव में ड्यूटी पर जाने से पहले अधिक से अधिक विवेचनाओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्वक करने का आदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपराध नियंत्रण और विभाग की कार्यशैली सुधारने पर जोर दिया है। एक के बाद एक घटनाओं के पर्दाफाश कराने के बाद दर्ज मुकदमों का निस्तारण और विभाग में आने वाली फाइलों का समय पर कार्य पूरा नहीं होने पर चेतावनी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन्होंने जनपद के विभिन्न थानों की समीक्षा की, जिसमें पता चला कि जनपद के सभी थानों में लगभग 580 विवेचनाएं लंबित हैं। विवेचनाएं लंबित होने के कारण पीड़ित को न्याय नहीं मिल पाता है। कई बार विवेचक विभिन्न कारणों से विवेचना को लटकाए रहते हैं। पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए विवेचकों को तेजी से विवेचनाओं का निस्तारण करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में 11 और 18 अप्रैल को मतदान होना है। इसके बाद जनपद के लगभग 70 प्रतिशत पुलिसकर्मी अन्य जनपदों में मतदान के अवसर पर सुरक्षा के लिए जाएंगे। इस कारण विवेचनाओं का काम रुक सकता है। इस कारण विवेचकों को मतदान से पूर्व ही अधिक से अधिक विवेचनाओं का निस्तारण करने के आदेश दिए गए हैं।