दिन भर चला सूरज का बादलों से संघर्ष, शीतलहर जारी
सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। ठंडी हवाओं ने धूप निकलने के बाद भी लोगों को परेशान रखा। शाम के समय फिर से आसमान में घटा छा गई और मौसम में ठंड बढ़ गई। बुजुर्ग और बच्चों को इस मौसम में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जागरण संवाददाता, हापुड़
सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। ठंडी हवाओं ने धूप निकलने के बाद भी लोगों को परेशान किए रखा। दिन भर बादलों और सूर्य देव की लुकाछिपी जारी रही। शाम के समय आसमान में बादल गहरा गए और मौसम में सर्दी बढ़ गई। बुजुर्गों और बच्चों को कड़ी सर्दी के इस मौसम में काफी परेशानी हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार की सुबह हल्का कोहरा रहा और दिन में सर्द हवाएं चलती रहीं। इस कारण तापमान काफी कम रहा। इस मौसम में दो पहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों को भी स्कूल जाते समय सर्दी में काफी परेशानी हुई। सुबह लगभग साढ़े दस बजे सूर्य देवता द्वारा दर्शन दिए जाने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की लेकिन उनकी यह राहत अधिक देर तक नहीं टिकी रह सकी। बादलों ने थोड़ी देर में ही सूर्य को अपने आगोश में ले लिया। सर्द हवाओं और बादलों के साथ सूरज की लुकाछिपी ने लोगों को परेशान किए रखा। शाम होते-होते बादल गहरा गए, इस कारण तापमान काफी कम हो गया। शीतलहर के कारण लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बाजारों में भी शाम छह बजे तक रौनक कम होने लगी। सर्दी से लोगों को बचने की जरूरत है। थोड़ी सी लापरवाही से लोगों के कोल्ड डायरिया के चपेट में आने का खतरा है। अगर थोड़ी सी भी दिक्कत हो तो तुरंत चिकित्सक से सलाह ले। खान पान का विशेष ध्यान रखें। --डा.पराग शर्मा