यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 26, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा पन्ना प्रमुख की गोलियों से भूनकर हत्या
गांव करनपुर में घर के बाहर सो रहे भाजपा के पन्ना प्रमुख की शनिवार रात गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।

संवाद सहयोगी, धौलाना:
गांव करनपुर में घर के बाहर सो रहे भाजपा के पन्ना प्रमुख की शनिवार रात गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना के समय निकट में ही सो रहे मृतक के पुत्र ने शोर मचाया तो दोनों बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र पूरन सिंह भाजपा के पन्ना प्रमुख हैं। उनके पांच पुत्र और एक पुत्री हैं। शनिवार रात वह अपने पुत्र देवेंद्र के साथ घर के बाहर सो रहे थे। उनके पुत्र की चारपाई उनसे कुछ दूरी पर थी। देर रात दो बदमाश वहां आए और उन्होंने चंद्रपाल के पड़ोसी धर्मपाल के घर के बाहर लगे बिजली का बल्ब फोड़कर अंधेरा कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चंद्रपाल को आवाज लगाई। आवाज सुनकर चंद्रपाल जैसे ही उठकर बैठे, बदमाशों ने उनकी कनपटी से सटाकर गोली चला दी, लेकिन बदमाशों का निशाना चूक गया और गोली उनकी बाई आंख में लगी। इसके बाद वह औंधे मुंह नीचे गिर गए। बदमाशों ने चंद्रपाल की कमर में दो गोलियां मारीं।
गोलियों की आवाज सुनकर उनके पुत्र देवेंद्र की नींद खुली तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश पैदल ही जंगल की ओर भाग गए। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। तब तक चंद्रपाल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय निकट में ही सो रहे मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध सक्सेना का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा। मृतक के पुत्र ने बताया कि एक बदमाश ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। आरोपित पैदल आए थे और जंगल की तरफ भाग गए थे।
-------------------------
मौके पर बरामद हुए कारतूस और दो खोखे
पुलिस को मौके से एक कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं। बदमाशों ने चार गोलियां चलाई, जिनमें से एक नहीं चल पाई। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
-------------------------
--क्या है पन्ना प्रमुख
भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले देश भर में बूथ चलो अभियान चलाया था। इस दौरान प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची के एक पन्ने में दर्ज मतदाताओं से संपर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी एक कार्यकर्ता को दी गई। भाजपा ने इस कार्यकर्ता को पन्ना प्रमुख का नाम दिया।
----------------------
परिजन का है रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी शांति देवी, पुत्री सरिता, पुत्र नरेंद्र, पुष्पेंद्र, वीरेंद्र, देवेंद्र और जितेंद्र सिंह सभी परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के महिला और पुरुष शोक संतप्त परिजन को सांत्वना दे रहे थे।
