हरसिंगपुर में हुआ बड़ा हादसा, ट्रांसफार्मर का तेल टैंक फटने से दो महिला व तीन बच्चे झुलसे
गांव हरसिंगपुर में ऊर्जा निगम का सौ केवीए का ट्रांसफार्मर सड़क किनारे लगा हुआ है। सोमवार की सुबह ट्रांसफार्मर का तेल (ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने वाला ऑयल ) टैंक फट गया।
हापुड़, शुभम गोयल। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव हरसिंगपुर में सोमवार की सुबह एक ट्रांसफार्मर का तेल (ऑयल) टैंक फट गया। इस दाैरान टैंक में से गर्म तेल निकलकर दो महिला और तीन बच्चों पर जाकर गिरा। तेल गिरने से महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं। जबकि, बच्चों के शरीर पर कुछ बूंदे गिरीं। महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। विधायक विजयपाल आढ़ती और उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश के साथ प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने पीड़ितों के स्वजन से बातचीत की और झुलसे बच्चों का हाल जाना। स्वजन ने निशुल्क उपचार कराने की मांग की है।
गांव हरसिंगपुर में ऊर्जा निगम का सौ केवीए का ट्रांसफार्मर सड़क किनारे लगा हुआ है। सोमवार की सुबह ट्रांसफार्मर का तेल (ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने वाला ऑयल ) टैंक फट गया। टैंक फटने की बहुत तेज आवाज हुई। इस दौरान गर्म तेल निकलकर ट्रांसफार्मर के नजदीक खड़ीं अमर सिंह की 75 वर्षीय पत्नी सरेश कश्यप और वकील की 35 वर्षीय पत्नी फरजाना सहित तीन बच्चों के ऊपर जाकर गिरा।
गर्म तेल शरीर पर गिरने से सरेश और फरजाना बुरी तरह झुलस गईं। शोक सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को नगर के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दोपहर के समय मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जबकि, तीनों बच्चों को उपचार के बाद स्वजन घर ले आए। सूचना पर ऊर्जा निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
दोपहर करीब दो बजे विधायक विजयपाल आढ़ती, उपजिलाधिकारी सत्यप्रकाश और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले झुलसे तीनों बच्चों के घर जाकर उनका हाल जाना। इसके बाद दोनों महिलाओं के घर टीम पहुंची। उनसे उपचार के संबंध में जानकारी की गई। स्वजन ने निशुल्क इलाज कराने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक गजराज सिंह भी गांव में पहुंचे और पीड़ित स्वजन से मिले।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता पिलखुवा प्रमोद कुमार का कहना है कि ट्रांसफार्मर जमीन पर नहीं रखा हुआ था। ना ही ओवरलोडिंग का यह मामला है। ट्रांसफार्मर में आंतरिक रूप से अचानक बड़ी क्षति हुई है। जिस कारण तेल टैंक फटा है। यह क्षति कई प्रकार से हो सकती है। इसकी जांच कराई जा रही है। इस प्रकार के मामले ना के बराबर होते हैं।