फर्जी डिग्री मामले में लेखपाल को बदायूं पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाद सहयोगी धौलाना फर्जी डिग्री के आधार पर परिषदीय विद्यालय में नौकरी प्राप्त करने वाले लेख
संवाद सहयोगी, धौलाना
फर्जी डिग्री के आधार पर परिषदीय विद्यालय में नौकरी प्राप्त करने वाले लेखपाल को बदायूं पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसडीएम ने बदायूं पुलिस द्वारा रिपोर्ट मिलने के बाद निलंबन की कार्रवाई की बात कही है।
जनपद बुलंदशहर के यमुनानगर निवासी अशोक कुमार पर आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से फर्जी डिग्री के आधार पर परिषदीय विद्यालय में नौकरी प्राप्त करने का आरोप है, जिसके संबंध में बदायूं के विकास खंड दातागंज के खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बुधवार को बदायूं पुलिस ने धौलाना क्षेत्र से आरोपित अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपित अशोक कुमार ने शिक्षक की नौकरी में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद लेखपाल की नौकरी प्राप्त कर ली थी। वह पिछले कई साल से धौलाना तहसील में लेखपाल है। एसडीएम अरविद द्विवेदी ने बताया कि लेखपाल की गिरफ्तारी की जानकारी है। बदायूं पुलिस की रिपोर्ट मिलने पर लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।