पति की पैरोल के इंतजार में रखा रहा महिला का शव
पैरोल के इंतजार में रखा रहा महिला का शव आज होगी अंत्येष्टिपैरोल के इंतजार में रखा रहा महिला का शव आज
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : सुमेरपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई महिला की मौत के बाद दूसरे दिन उसकी अंत्येष्टि नहीं हो सकी। इसके पीछे का कारण जेल में निरुद्ध महिला के पति को पैरोल न मिलना बताया जा रहा है। रविवार को महिला के शव का अंतिम संस्कार उसका आठ वर्षीय बेटा करेगा।
मौदहा के गुढ़ा ग्राम प्रधान लेखराम निषाद ने बताया कि गांव निवासी वीर सिंह की पत्नी सीता की सड़क दुर्घटना में सुमेरपुर थाना क्षेत्र के अतरैया गांव में शुक्रवार को मौत हो गई थी। सीता का पति वीर सिंह, देवर व ससुर तीनों लोग एससी, एसटी एक्ट में जिला कारागार में निरूद्ध हैं। सीता की मौत की जानकारी होने पर जेल में बंद सभी सदस्य बेहद व्याकुल हो उठे और अधिवक्ता के माध्यम से महिला के पति को पैरोल दिलाने को जिला प्रशासन से गुजारिश की। लेकिन सभी को निराशा हाथ लगी और तब तक सूरज अस्त हो चुका था। अंत में सभी सगे संबंधियों में फैसला किया कि रविवार की सुबह सीता का अंतिम संस्कार उसका आठ वर्षीय पुत्र मुखाग्नि देकर करेगा। सगे संबंधियों के जेल में बंद होने के कारण महिला के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।