घने कोहरे के बीच हाईवे पर लाइट जलाकर निकले वाहन
जागरण संवाददाता हमीरपुर/सुमेरपुर बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक व घना कोहरा गिरा।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर/सुमेरपुर : बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक व घना कोहरा गिरा। सुबह आठ बजे तक दृश्यता शून्य नहीं। आसपास कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इस कारण हाईवे समेत सिटी में भी वाहन चालक पार्किग और हेडलाइट जलाकर निकलते दिखे। वहीं सर्वाधिक दिक्कतें ग्राम पंचायतों में संरक्षित अन्ना गोवंश को हुई। सुबह 11 बजे के बाद मौसम साफ होने पर आम जनमानस ने राहत महसूस की। पारा 5 डिग्री में आकर ठहर गया।
बीते दिनों से सुबह से ही निकलने वाली धूप लोगों को राहत देने का काम कर रही थी। लेकिन बुधवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। लोग घरों में ही दुबके रहे। वहीं मार्गों में कोहरे की धुंध छाई रहने के कारण वाहनों की रफ्तार में भी ब्रेक लग गया। दोपहर 12 बजे तक कोहरा बना रहा। इसके कारण जिन हाईवे पर वाहन तेज रफ्तार से फर्राटा भरते नजर आते थे। वह रेंगते दिखाई दिए। गलन भरी सर्दी के चलते लोग आग का सहारे सर्दी से निजात पाते दिखाई दिए। हर चौराहे व मोहल्लों में लोग अलाव के सामने आग तापते रहे। दोपहर में निकली धूप से कुछ लोगों को राहत मिली। लेकिन शाम को फिर से गलन भरी सर्दी ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। चाय और कॉफी की दुकानों में रही भीड़
घना कोहरा व गलन भरी सर्दी को देखते हुए चाय व कॉफी की दुकानों में अच्छी खासी भीड़ नजर आए। सर्द मौसम में लोग चाय व कॉफी का आनंद लेते नजर आए। जिला अस्पताल पहुंचे 240 मरीज
बदलते मौसम में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुजुर्ग व बच्चे बीमारी की चपेट में अधिक आ रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में 240 मरीजों ने अपना इलाज कराया। इनमें खांसी-जुकाम के मरीजों की अधिकता रही। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया इस मौसम में अधिक सावधानी बरतने की जरूरी है। गर्म कपड़े पहने व गुनगुना पानी पीते रहें।