दो पक्षों में संघर्ष, आधा दर्जन महिलाएं जख्मी
संवाद सहयोगी, सरीला (हमीरपुर) : जलालपुर गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। आरो
संवाद सहयोगी, सरीला (हमीरपुर) : जलालपुर गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। आरोप है, एक पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी, फरसे से घर में घुसकर महिलाओं पर हमला बोल दिया। मारपीट कर उनके जेवर लूट लिए। हमलावरों ने 95 वर्षीय वृद्धा व किशोरियों को भी नहीं बख्शा। गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन से अधिक महिलाओं को सीएचसी सरीला में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने 17 नामजद और 30 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। घटना की सूचना पर एसडीएम ने मौका मुआयना किया। पुलिस पानी भरने का मामूली विवाद बता रही है जबकि पीड़ित जानवर बांधने की जगह पर धर्मस्थल बनाने का विरोध किए जाने के कारण हमला किए जाने की बात कह रहे हैं।
जलालपुर गांव निवासी श्यामकरन यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घर के बगल में स्थित जमीन को विपक्षी धर्मस्थल बनाना चाहते हैं। इसका विरोध करने पर पास ही रहने वाले दर्जनों पुरुष व महिलाएं अवैध असलहे, कुल्हाड़ी और फरसा लेकर आए और घर में घुसकर महिलाओं के साथ गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। उनके गहने भी लूट कर ले गए। इस घटना में उनकी पत्नी उमा (35) के साथ ही फूलरानी (95) पत्नी बारेलाल, भागवती (70) पत्नी रामफल, मीरा (18), माया (16) पुत्री रामफल के अलावा भांजी प्रीति (12) पुत्री मुन्नाबाबू, रानी (20) पुत्री मुन्नाबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी सरीला में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। एसएसआइ पवन सिंह का कहना है कि झगड़ा पानी भरने को लेकर हुआ है। वहीं प्रभारी सीओ अभिषेक यादव ने कहा कि मुकदमा दर्ज हो गया है। आरोपितों को जेल भेजा जाएगा। शांति बनाए रखने के लिए फोर्स की तैनाती कर दी गई है।