कुपोषण उन्मूलन समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य
जागरण संवाददाता हमीरपुर कुपोषण उन्मूलन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कुपोषण उन्मूलन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना और प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय लोकसंपर्क ब्यूरो बांदा द्वारा विकासखंड कुरारा के प्राथमिक विद्यालय रघवा में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों व महिलाओं को सही पोषण व आहार की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें आजादी के अमृत महोत्सव के बारे में बताया गया। इस मौके पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर सही जवाब देने वाले 15 लोगों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव त्रिपाठी ने कहा कि इस वर्ष आजादी के अमृत महोत्सव में सितंबर महीने में देश भर में पोषण माह को एक जन-आंदोलन के रूप में मनाया जा रहा है। कुपोषण उन्मूलन समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए। ग्राम प्रधान रघवा प्रियंका निषाद ने कहा कि पोषण के पांच मुख्य सूत्र हर किसी को जानना चाहिए। यह हैं जीवन के प्रथम 1000 दिवस जिन्हें हम 'स्वर्णिम दिन' भी कहते हैं। इसमें पोषण का बहुत ही महत्व है। दूसरा सूत्र है कि हमें समुचित पोषित भोजन के महत्व को हर आयु वर्ग को बताना होगा। कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी देवेंद्र गांधी ने कहा कि आजादी के इस अमृत महोत्सव में हमारी युवा पीढ़ी को अपने महान क्रांतिकारियों के बलिदान और संघर्षों के बारे में अवश्य जानना चाहिए। कार्यक्रम में हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में स्थान पाने वाली सपना, पूजा कुमारी, धनंजय, सपना, सूरज, देवेश, सिया दुलारी, तृप्ति, कामिनी, शशि, अंजना, मिहिर, अनिल पाल, रैना तथा प्रियंका को सम्मानित किया गया।