मास्क लगाकर वर-वधू ने निभाई रस्में, पहनाई वरमाला
संवाद सूत्र (महोबा) भरवारा ग्राम सतारी कुलपहाड़ मौजा में एक अनोखी शादी हुई और इसका गवाह पड़रन मंदिर
संवाद सूत्र, (महोबा) भरवारा : ग्राम सतारी कुलपहाड़ मौजा में एक अनोखी शादी हुई। इस शादी के गवाह बना पड़रन सरकार मंदिर। बेहद सादगी से यह विवाह संपन्न हुआ और गिने चुने लोग ही शामिल हुए। वहीं, मास्क लगाकर वर-वधू ने रस्में निभाई और शारीरिक दूरी का पालन करते हुए वरमाला पहनाई गई।
ग्राम बफरेता चरखारी निवासी स्व. देवपाल लोधी की पुत्री कौशल्या देवी की शादी भरवारा निवासी ब्रजनंदी लोधी के पुत्र सीताराम के साथ तय हुई थी। आठ मई को शादी होनी थी। लॉकडाउन पहले 17 मई और इसके बाद 31 मई तक बढ़ गया। स्वजनों ने सादगी से कार्यक्रम करने का निर्णय लिया। रविवार को गिने चुने लोग सतारी स्थित पड़रन सरकार मंदिर पहुंचे और यहां दोनों का विवाह शारीरिक दूरी नियमों का पालन करते हुए संपन्न कराया गया। भरवार के लोगों ने इसमें बढ़चढ़कर सहयोग किया। वर-वधू ने मास्क लगाकर सात फेरे लिए। अन्य किसी रिश्तेदार को आमंत्रण नहीं भेजा गया। चेतराम, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयचंद्र राजपूत, धीरेंद्र, कड़ोरीलाल, अंकू साहू, रोहित आदि मौजूद रहे। बताया गया है कि दो साल पूर्व यह शादी तय हो गई थी, लेकिन लड़की की मां तैयार नहीं थी। अभी कुछ दिन पूर्व मां बेटी को वर पक्ष के यहां छोड़ गई थी और इसके बाद उसे उसके भाई मानिकचंद्र को सौंप दिया गया। इसके बाद सभी की रजामंदी से यह विवाद संपन्न कराया गया।