हमीरपुर की स्तुति श्रीवास्तव को असम में मिला राष्ट्रीय बेस्ट एम्बेसडर अवार्ड, कर रही पीएचडी की तैयारी
हमीरपुर की स्तुति श्रीवास्तव को असम के डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित नेशनल प्रगति डायलाग–2026 में बेस्ट एम्बेसडर अवार्ड मिला।

असम के डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हमीरपुर की स्तुति (दाएं से प्रथम) को सम्मानित करतीं प्रज्ञा प्रसून। सौजन्य स्वयं
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। विकासखंड सुमेरपुर के चंदौखी गांव की निवासी स्तुति श्रीवास्तव को असम के डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित त्रि-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम नेशनल प्रगति डायलाग–2026 में प्रतिष्ठित बेस्ट एम्बेसडर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें 21 अगस्त को नारी शक्ति पुरस्कार विजेता प्रज्ञा प्रसून के हाथों मिला। स्तुति, प्रथा ट्रस्ट की उत्तर प्रदेश की स्टेट एम्बेसडर हैं और ब्रिक्स सीसीआई के माध्यम से नेशनल यूथ स्टेटमेंट आन ब्रिक्स की सलाहकार सदस्य भी हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट–2026 में भी हमीरपुर का प्रतिनिधित्व किया। स्नातक शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से और राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी राम कालेज से प्राप्त की है।
वर्तमान में, वह पीएचडी की तैयारी कर रही हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और प्रथा ट्रस्ट के संस्थापक विशाल दत्ता को दिया।
8 से 23 सितंबर तक होगा जलविहार महोत्सव
राठ: महाभारत कालीन राजा विराट की नगरी में श्री मेला जलविहार समिति के तत्वावधान में 8 से 23 सितंबर तक श्री मेला जलविहार महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
समिति अध्यक्ष केजी अग्रवाल ने बताया कि 8 से 14 सितंबर तक दोपहर दो से शाम छह बजे तक श्री मेला जलविहार मंदिर प्रांगण, कोट बाजार में श्रीमद्भागवत कथा होगी। कथा व्यास भागवत मर्मज्ञ परमहंस स्वामी उत्तम कृष्ण महाराज होंगे। इसके बाद 15 से 23 सितंबर तक इसी स्थल पर संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।
कथा व्यास हनुमत पीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी धीरेंद्राचार्य महाराज, चित्रकूट धाम होंगे। महोत्सव के तहत 22 सितंबर को शाम पांच बजे श्री गणेश मंदिर से भगवान गणेश की शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो कस्बा भ्रमण करते हुए श्री जलविहार मंदिर पहुंचेगी।
वहीं, 23 सितंबर की रात नौ बजे कस्बा के सभी मंदिरों के विमानों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा रामलीला मैदान पहुंचने के बाद जलविहार कार्यक्रम में शामिल होगी। इसी रात मंदिर प्रांगण में खाटूश्यामजी का जागरण भी होगा। महोत्सव का समापन 24 सितंबर को भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा।
