हेलमेट लगा बचाएं अनमोल जिदगी
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंर्तगत रविवार को ऐतिहासिक
जागरण संवाददाता, महोबा : सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंर्तगत रविवार को ऐतिहासिक कीरत सागर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां पर पुलिस जवानों के साथ साथ आम लोगों को यातायात का पाठ पढ़ाया गया। अंत में यातायात जागरुकता बाइक रैली निकाली गई। रैली पूरे शहर में भ्रमण कर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश देती रही।
कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन सुरेश कुमार ने कहा कि कार चालक व सहयात्री सीट बेल्ट का प्रयोग करे। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करे। नशे और नींद की स्थित में वाहन न चलाएं। एआरटीओ प्रवर्तन अजय कुमार ने कहा कि चलती गाड़ी में फोन पर बात न करें बल्कि गाड़ी को किनारे रोककर बात करें। क्यों कि आपका घर पर कोई इंतजार कर रहा है। कार्यक्रम में बाद सीटो सिटी जटाशंकर ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता रैली को रवाना किया। रैली में पुलिस जवानों के साथ साथ आम लोग भी शामिल हुए। रैली कीरत सागर से सुभाष चौकी, मुख्य बाजार, नगर पालिका, मदीना मस्जिद, लौड़ी तिराहा, हमीरपुर चुंगी, डीएम बंगला, परमानंद, बाईपास होते हुए कीरत सागर में समाप्त हुई। रैली में सभी चौकी प्रभारी, सुयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामजी गुप्ता, इंस्पैक्टर विपिन त्रिवेदी, पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी, अलताफ हुसैन, दाऊ तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।