निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू, 239 बूथों पर होंगे मतदान
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : निकाय चुनाव को लेकर वार्डो की आरक्षण सूची जारी हो गई है।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : निकाय चुनाव को लेकर वार्डो की आरक्षण सूची जारी हो गई है। जिससे चुनावी मैदान में उतरने वालों में हलचल तेज हो गई है। एक ओर पार्टी के नेता चुनाव लड़ने के लिए लोगों के बीच अपनी पैठ बना रहे हैं, वहीं अधिकारी चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। मतदान के लिए कुल 239 बूथ बनाए गए। पिछले चुनाव की अपेक्षा आठ बूथ बढ़ाए गए हैं। चुनाव की तैयारियों को लेकर अवकाश के दिनों में भी निर्वाचन कार्यालय को खोल कर कार्य किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता पुनरीक्षण कार्य को लेकर तैयारियां चल रही हैं। जिसका 18 अक्टूबर को अंतिम प्रकाशन किया जाना है। वहीं समय से तैयारियां पूरी करने के लिए जिलाधिकारी ने सम्बंधित कार्यालयों को अवकाश के दिन भी खोल कर काम करने के आदेश दिए। साथ ही निकायों के वार्डों का आरक्षण भी जारी कर दिया गया है। जिससे चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाने की सोच रहे लोगों में हलचल मच गई है। कही मनमाफिक आरक्षण पाने वालों की खुशी का ठिकाना नहीं है। वहीं कुछ को इसमे निराशा भी हाथ लगी है। 2012 में हुए निकाय चुनावों में जिले में 231 बूथों पर वोट डाले गए थे। इस वर्ष होने वाले चुनाव में आठ नए बूथ बनाए गए। सदर नगर पालिका में 51 बूथ, मौदहा में 50, राठ में 70, नगर पंचायत कुरारा में 12, सुमेरपुर में 36, गोहांड व सरीला में दस-दस बूथ बनाए गए है। पिछले चुनाव की तुलना में नगर पंचायत सुमेरपुर में छह बूथ बढ़ाए गए, मुख्यालय में चार बूथ, राठ में एक बूथ बढ़ाया गया है। इसी के साथ मौदहा में दो वह कुरारा में एक बूथ कम कर दिया गया।
निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनके नाम बढ़ाने के साथ त्रुटियों को दूर करने के आवेदन भराए जा चुके है। ऐसे मतदाता जो नगरीय व पंचायत दोनों की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए हैं। उन्हें चिन्हित कर उस निकाय में रखा जाएगा। जहां वह निवास करते हैं। साथ ही ऐसे मतदाता जो नगरीय निकायों में एक से अधिक जगह पर नाम दर्ज कराए हैं उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाना है। इसके लिए सूची का प्रकाशन नौ अक्टूबर को व अंतिम प्रकाशन 18 अक्टूबर को किया जाना है। बताया कि वार्डो में आरक्षण को लेकर सूची भी जारी की गई है।