प्रधान ने खोला गोशाला का ताला, अन्ना जानवरों ने चट की फसल
प्रधान ने खोला गोशाला का ताला अन्ना
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : विकासखंड कुरारा के रिठारी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए अवगत कराया है कि ग्राम प्रधान के द्वारा किसानों के साथ धोखा किया गया है और रात में दो बजे गोशाला का ताला खोलकर अन्ना जानवरों को खोल दिया गया। जिससे किसानों की फसल को जानवरों को चट कर डाला।
किसानों ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में अवगत कराया है कि प्रधान के द्वारा 16 अगस्त को 50 अन्ना जानवर गोशाला में बंद किए गए थे, लेकिन प्रधान द्वारा उन जानवरों की खाने पीने की व्यवस्था नही की गई और उन्हें 6 बजे से शाम से लेकर रात दो बजे तक भूखा व प्यासा रखा गया। उनके खाने पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। रात करीब दो बजे ग्राम प्रधान ने गोशाला में बंद अन्ना जानवरों को खोल दिया गया। जिससे उन्होंने किसानों की फसल को चौपट कर डाला है। किसानों का आरोप है कि ग्राम प्रधान उन्हें धमकी भी दे रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि प्रधान पर कार्रवाई की जाए और अन्ना जानवरों को बंद कराया जाए। इस मौके पर भगवानदास दीक्षित, वीरेंद्र कुमार, चंद्रभान सिंह सेंगर, महेश कुमार तिवारी जिलाध्यक्ष भाकियू, श्रीराम यादव मौजूद रहे।