क्रय केंद्र में खरीदे गए धान की उठान का निर्देश
संवाद सूत्र कुरारा कस्बा स्थित मंडी में संचालित धान खरीद केंद्र का एडीएम विनय प्रकाश
संवाद सूत्र, कुरारा : कस्बा स्थित मंडी में संचालित धान खरीद केंद्र का एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। साथ ही वहां मौजूद किसानों से खरीद को लेकर जानकारी ली। साथ ही गोदाम में रखे धान का उठान कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में धान खरीद को तीन क्रय केंद्र संचालित हैं। इसमें राठ व सुमेरपुर स्थित मंडियों में एक-एक क्रय केंद्र 24 नवंबर को संचालित किए गए थे। वहीं कुरारा क्षेत्र के किसानों की मांग पर कस्बा स्थित मंडी में भी क्रय केंद्र संचालित कराया गया। जिले के सभी केंद्रों में अब तक कुल 1398 एमटी धान खरीदा गया है। इसमें राठ में 592 एमटी, सुमेरपुर में 590 व कुरारा में 216 एमटी खरीद शामिल हैं। सोमवार को क्रय केंद्र संचालन को लेकर एडीएम ने कस्बा स्थित धान खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां मौजूद किसानों से उन्होंने बातचीत कर खरीद की जानकारी ली। एडीएम ने बताया कि चार-पांच जनवरी को धान बेचने वाले किसानों ने बताया कि उनका भुगतान मिल गया है। वहीं कुछ किसानों ने अभी भुगतान प्राप्त न होने की बात बताई। बताया कि क्रय केंद्र में लगे धान के बोरों का जल्द उठान कराने के निर्देश दिए। वहीं इसमें आ रही परेशानियों के निस्तारण को आरएफसी के अधिकारियों से भी बात की गई। बताया कि जिले में अब तक जिले के 284 किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है। इन्हें अब तक दो करोड़ पंद्रह लाख 815 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 46 लाख रुपये का भुगतान शेष है। जिसे कराने को प्रक्रिया चल रही है।