एबुलेंस के इंतजार में फर्श पर घंटों तड़पी गर्भवती
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : जिला महिला अस्पताल से रेफर की गई गर्भवती को घंटों एंबुलेंस के
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : जिला महिला अस्पताल से रेफर की गई गर्भवती को घंटों एंबुलेंस के इंतजार में फर्श में लेटकर तड़पना पड़ा। बार बार फोन करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं मिल सकी। इसके बाद कुछ लोगों ने अस्पताल पहुंचकर 108 व 102 एंबुलेंस के प्रभारी श्यामजी उपाध्याय से वार्ता की। जिस पर प्रभारी ने तत्काल महिला को कानपुर ले जाने के लिए एबुलेंस की व्यवस्था कराई।
मुस्करा थानाक्षेत्र के ग्राम बिलगांव निवासी सावित्री (23) पत्नी हीरालाल के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ। जिस पर परिजन उसे इलाज के लिए मिला अस्पताल लाए। महिला गर्भवती थी और उसके खून की कमी के साथ साथ अन्य समस्या भी थी। जिसकी हालत डाक्टर ने काफी नाजुक बताते हुए उसे कानपुर ले जाने के लिए कहा। महिला के पति हीरालाल ने बताया कि उसने कई बार एंबुलेंस सेवा के लिए फोन किया। लेकिन सही उत्तर न मिलने के कारण वह परेशान रहा। महिला घंटों फर्श में लेटी तड़पती रही। इसके बाद कुछ लोगों ने 108 व 102 एंबुलेंस के प्रभारी श्यामजी उपाध्याय से इस समस्या का समाधान करने को कहा। जिस पर प्रभारी के द्वारा तत्काल महिला को कानपुर ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की। जिसके बाद महिला को कानपुर ले जाया गया। तेज दर्द होने के कारण महिला घंटों रोती बिलखती रही। प्रभारी ने बताया कि एंबुलेंस अलग अलग रूट पर थीं। जिसके कारण तत्काल गाड़ी नहीं मिल सकी। जैसे ही गाड़ी आई उस गाड़ी से ही महिला को कानपुर भेज दिया गया।