हमीरपुर में कोट बाजार चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, ड्यूटी में लापरवाही का आरोप
हमीरपुर के कोट बाजार क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की वारदातों के बाद एसपी मृगांक शेखर पाठक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
एसपी मृगांक शेखर पाठक ने सख्त कार्रवाई की।
कोट बाजार चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित।
ड्यूटी में लापरवाही के कारण चोरी की वारदातें हुईं।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कस्बे के कोट बाजार क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की वारदातों को लेकर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की है।
एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही के मामले में कोट बाजार चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
कोट बाजार चौकी क्षेत्र के सर्राफा बाजार में महज 14 दिनों के भीतर चोरी की दो वारदातें हुई थीं। लगातार घटनाओं से व्यापारियों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी थी। मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटनाओं की समीक्षा की।
प्रारंभिक जांच में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एसपी मृगांक शेखर पाठक ने कोट बाजार चौकी प्रभारी रमाकांत तथा कांस्टेबल शिवम और छोटे सिंह को निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है।
एसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। वहीं सर्राफा बाजार के व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
