बच्चों के आंदोलन का असर, हमीरपुर में आजादी के बाद पहली बार बनेगी ब्रह्मा-गंगवा डेरा की सड़क
हमीरपुर में ब्रह्मा व गंगवा डेरा के लिए आजादी के बाद पहली बार पक्की सड़क के निर्माण को 181.60 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
ब्रह्मा-गंगवा डेरा सड़क निर्माण को 1.81 करोड़ रुपये स्वीकृत।
छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन के बाद हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान।
पहली किश्त 17.78 लाख जारी, बरसात बाद शुरू होगा काम।
अनुराग मिश्रा, हमीरपुर। जिला मुख्यालय से सटे ब्रह्मा व गंगवा डेरा के निवासी आजादी के बाद से पक्के मार्ग के लिए तरस रहे हैं। सब्र का बांध टूटने पर 11 अगस्त को छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर पक्की सड़क की मांग उठाई थी।
बच्चे कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर बैठ गए थे, जिससे किसी भी अधिकारी की गाड़ी नहीं निकल पाई और अधिकारियों को पीछे के दरवाजे से जाना पड़ा था। स्कूली बच्चों को बुनियादी सुविधाओं के लिए आवाज बुलंद करते देख इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर का संज्ञान लिया।
तब शासन-प्रशासन को सड़क बनवाने की सुध आई और मार्ग के लिए 181.60 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। निर्माण के लिए शासन से 17.78 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है। बरसात खत्म होते ही इस मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
हमीरपुर-कालपी स्टेट हाईवे से लगा ब्रह्मा का डेरा होते हुए गंगवा डेरा तक मार्ग का निर्माण आजादी के बाद से रुका था। वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के बीच जमीन को लेकर रस्साकशी के चलते ग्रामीणों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं को लंबा संघर्ष झेलना पड़ा। 11 अगस्त को कलेक्ट्रेट में जेन एल्फा ने जोरदार प्रदर्शन किया, लेकिन शासन-प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी।

दैनिक जागरण ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसका इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया। तब जाकर शासन ने इस मार्ग के निर्माण की स्वीकृति जारी की है। शासन ने निर्माण के लिए 1 करोड़ 81 लाख 60 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया है, साथ ही पहली किश्त के रूप में 17 लाख 78 हजार रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
मार्ग निर्माण के बाद पांच वर्षों तक होने वाली क्षति, गड्ढों आदि की मरम्मत भी इसी बजट से कराई जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं ने खुशी जताई और दैनिक जागरण के प्रति आभार व्यक्त किया।
11 को किया प्रदर्शन, 14 अगस्त को हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
बच्चों ने बीती 11 अगस्त को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। करीब चार घंटे तक चला यह प्रदर्शन। बच्चे कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए थे। इतना ही नहीं, बच्चों ने डीएम कार्यालय में घुसने का भी प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने रोका। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
12 अगस्त को दैनिक जागरण ने इस खबर को प्रदेश ही नहीं, देशभर में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। 14 अगस्त को हाईकोर्ट ने इसका संज्ञान लिया और 21 अगस्त को इस मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों में खुशी है।
ब्रह्मा का डेरा से लेकर गंगवा डेरा तक सड़क निर्माण के लिए शासन से 181.60 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इसकी पहली किश्त के रूप में 17.78 लाख रुपये जारी हो चुके हैं। बरसात के बाद काम शुरू कराकर ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा दी जाएगी।
- अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर।
