विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में बल्लियों और पटरों के सहारे जुगाड़ की नाव बनाकर छोटे भाई को पहुंचाया स्कूल, वीडियो वायरल

Published: Wed, 30 Sep 2026 02:02 PM (IST)

हमीरपुर में भारी बारिश के बाद जलभराव के कारण एक किशोर ने अपने छोटे भाई को स्कूल ले जाने के ...और पढ़ें

HighLights

  1. हमीरपुर में भारी बारिश से जलभराव, बस्तियों में कमर तक पानी।

  2. किशोर ने छोटे भाई को स्कूल ले जाने के लिए बनाई जुगाड़ नाव।

  3. जल निकासी की समस्या पर स्थानीय लोगों ने जताई चिंता।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। बीते सप्ताह दो दिन तक हुई झमाझम बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति विकराल हो गई है। बस्तियों में कमर तक पानी भरने से लोग घरों में कैद हैं।

इसी बीच मुस्करा कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज के पास की बस्ती का एक वीडियो मंगलवार सुबह से इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है, जिसमें एक किशोर दो बल्लियों और पटरों से जुगाड़ की नाव बनाकर अपने छोटे भाई को स्कूल ले जाते हुए दिख रहा है। छोटे भाई ने पीठ पर बस्ता टांग रखा है, जबकि बड़ा भाई बांस के सहारे नाव को पानी में आगे बढ़ा रहा है।

बीते सप्ताह लगातार दो दिन तक हुई बारिश से चारों ओर पानी ही पानी हो गया। जलभराव के कारण लोग घरों में कैद हो गए और बाहर निकलने के लिए उन्हें देसी जुगाड़ का सहारा लेना पड़ा। इसी तरह का एक जुगाड़ का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है।

वीडियो में दो बल्लियों और पटरों से बनी नाव के सहारे एक किशोर अपने छोटे भाई को स्कूल ले जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुस्करा कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज के पास की बस्ती का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद बस्ती में जलभराव की समस्या हो गई थी, लोगों को कमर तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा।

इससे बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया। अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। बस्ती के लोगों का कहना है कि जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी है और इस बारे में ग्राम प्रधान को अवगत भी कराया गया था। फिलहाल यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है।

प्रचलित वीडियो के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं हैं और न ही ऐसा कोई वीडियो देखा है। यदि ऐसा कोई वीडियो प्रचलित हो रहा है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जहां की समस्या है, उसका समाधान कराया जाएगा।
- करनवीर सिंह, एसडीएम मौदहा।