कोहरे ने हाईवे पर रोके वाहन, लगा पांच किमी लंबा जाम
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कोहरे ने गुरुवार सुबह एक बार फिर कानपुर सागर हाईवे जाम
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कोहरे ने गुरुवार सुबह एक बार फिर कानपुर सागर हाईवे जाम कर दिया। हाईवे पर पांच किमी की दूरी तक दो घंटे जाम रहा। वाहन रेंगते नजर आए। वहीं बारिश ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। रिमझिम बरसात से ठंड बढ़ने से राहगीरों समेत बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों को परेशानी हुई। वहीं ग्रामीण इलाकों में हल्के ओले भी गिरे।
गुरुवार भोर से शुरू बारिश रुक रुककर होती रही। धूप के दर्शन नहीं हो सके। इससे एक बार फिर लोगों को ठंड का एहसास हुआ और लोग घरों में दुबके नजर आए। वहीं सुबह पड़े कोहरे ने वाहनों के पहियों पर ब्रेक लगा दी। सभी को वाहन हेड लाइट जलाते हुए हाईवे पर रेंगते हुए नजर आए। इससे एक बार फिर नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। धीरे-धीरे जाम की स्थिति और गंभीर होती गई। सुबह नौ बजे करीब पांच किमी तक हाईवे पर वाहनों की कतारें लग गईं। यह जाम 11 बजे तक यूं ही लगा रहा। यमुना पुल और बेतवा नदी के पुल पर तो स्थिति और गंभीर दिखी। आगे निकलने की होड़ में वाहन बेतरतीब होकर आड़े-तिरछे खड़े हो गए। जिससे जाम की स्थिति और भयावह हो गई। कुछ देर के लिए तो दो पहिया व पैदल यात्री भी जाम में फंसे दिखे। करीब दोपहर 12 बजे तक जाम से छुटकारा मिला और लोग गंतव्य की ओर रवाना हुए। दोपहर दो बजे के बाद हल्की धूप के दर्शन हुए।
बारिश से बोर्ड परीक्षार्थी परेशान
बोर्ड परीक्षा देने के लिए विद्यार्थियों को बूंदाबांदी में छतरी का सहारा लेना पड़ा। रिमझिम बरसात लगातार जारी रहने से शिक्षकों को भी परेशानी हुई। सड़क पर कीचड़ के साथ-साथ स्कूल में गंदगी होने के कारण सभी को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं दूसरी पाली के परीक्षार्थियों की धड़कनें बढ़ी रहीं।