इमरजेंसी वार्ड फुल, बेंच पर लिटा मरीजों को चढ़ाई ड्रिप
इमरजेंसी वार्ड फुल होने के बाद ब्रेंच में हुआ मरीजों का इलाज
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : भीषण गर्मी के कारण मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को दर्जनों मरीज जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंच गए। जिसमें कई उल्टी दस्त के शामिल थे तो कुछ को बुखार की शिकायत थी। हालत नाजुक होने पर सभी को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। लेकिन धीरे धीरे मरीजों की संख्या काफी बढ़ती गई तो इमरजेंसी वार्ड फुल हो गया।
इस समय गर्मी चरम पर है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। शनिवार को भी जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी देखने को मिली। जिसमें सबसे ज्यादा बच्चे थे। जिन्हें उल्टी दस्त व बुखार की शिकायत थी। करीब छह बच्चों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया। जिन्हें इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। लेकिन मरीजों की संख्या दोपहर में अचानक बढ़ गई। लिहाजा कुछ मरीजों को बेंच पर ही लिटाकर ड्रिप लगाई गई। बाद में कुछ मरीजों को ऊपर वार्ड में शिफ्ट करने के बाद बेंच में लिटाए गए मरीजों को बेडों की व्यवस्था की गई। गौरतलब हो कि गर्मी में अधिकतर मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिलता है। जिसके लिए पुरुष वार्ड के बरामदे में बेडों को डालकर मरीजों के लिटाने की व्यवस्था की जाती है। वहीं इस संबंध में पुरुष सीएमएस डा. आरके शर्मा का कहना है कि कुछ देर के लिए मरीजों को लिटाने के बाद उन्हें बेड की व्यवस्था कर दी गई थी। अचानक मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण ऐसा हुआ होगा।