तालाब उफनाने से रास्ता जाम, मोहल्ले में पेयजल संकट
शुक्रवार रात कानपुर सागर हाईवे में शुक्रवार रात
संवाद सहयोगी, भरुआ सुमेरपुर : कस्बे के वार्ड संख्या दस गांधी नगर में मारू तालाब के उफना जाने से दलित बस्ती का मार्ग अवरुद्ध हो गया है। जल निकासी का इंतजाम न होने से लोगों को सुबह शाम रास्ते में भरे लबालब पानी से होकर आना जाना पड़ता है। यहां के लोगों का आरोप है कि वार्ड में महज दो हैंडपंप हैं वह भी खराब हैं। जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन नहीं है। इससे उनके सामने हमेशा पेयजल संकट खड़ा रहता है। यहां के बाशिदों ने समस्या के निदान को अधिशासी अधिकारी से गुहार लगाई है।
कस्बे के वार्ड संख्या दस गांधी नगर के निवासी बुद्धप्रकाश, रामकुमार, रंजीत, विनय कुमार, ब्रजेश, प्रेमा देवी, सत्यवती, रामकुंवर, दर्शनियां, लक्ष्मी देवी, रेखा, सियादुलारी, वंदना आदि ने नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी रवि यादव को ज्ञापन देकर अवगत कराया है कि मोहल्ले में मारू तालाब के उफना जाने से आने जाने वाला मार्ग लबालब हो गया है। जिससे सुबह शाम निकलने में लोगों को मुसीबत होती है। सभासद जहीर खान ने बताया कि रास्ते की समस्या के अलावा यहां पेयजल का गंभीर संकट है। वार्ड के सभी हैंडपंप खराब है। जल संस्थान की पाइप लाइन नहीं है। इससे यहां जलापूर्ति भी नहीं होती है। लोगों ने ईओ से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। ईओ रवि यादव ने समस्या से निजात का आश्वासन गांधी नगर के लोगों को दिया है।