सांप के डसने से वृद्ध की मौत, डॉक्टर-फार्मासिस्ट पर मुकदमा
संवाद सूत्र, कुरारा : अपने खेत पर बने मकान में सो रहे भाजपा नेता के चाचा को शुक्रवार दोपह
संवाद सूत्र, कुरारा : अपने खेत पर बने मकान में सो रहे भाजपा नेता के चाचा को शुक्रवार दोपहर दो बजे सांप ने डस लिया। जानकारी होने पर परिजन तुरंत उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर न मिलने के कारण समय रहते इलाज नहीं हो सका। देरी से आए डॉक्टरों ने लापरवाही से इलाज करते हुए लगभग एक घंटे के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां से उन्हें कानपुर जाने को कह दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। इससे आक्रोशित भाजपा नेता ब्रजकिशोर गुप्ता ने थाने में इलाज में लापरवाही का आरोप लगा तहरीर दी है। पुलिस ने सीएचसी में तैनात डा. अजय चौरसिया व फार्मासिस्ट योगेंद्र यादव पर धारा 304 ए के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बा निवासी भाजपा नेता ब्रज किशोर गुप्ता के चाचा मोहनलाल (80) जो की शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने खेत वाले मकान में थे। तभी सांप ने उनके पैर में डस लिया। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें तुरन्त सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां इमरजेंसी में कोई भी डॉक्टर व कर्मचारी मौजूद नहीं था। परिजनों ने उनके आवास से उन्हें बुलाकर चाचा का इलाज करने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने लापरवाही करते हुए सही तरह से इलाज नहीं किया और जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए तब तक मरीज की तबीयत बिगड़ चुकी थी। इसके बाद उन्हें हमीरपुर से कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद कस्बे लौट शव का दाह संस्कार कर दिया गया। उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बाद डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।