सर्दी का कहर : ठंड लगने से मासूम सहित चार की मौत
सर्दी का कहर खेतों में पानी लगा रहे किसान की
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : सर्दी का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ठंड के चलते अलग अलग स्थानों पर एक मासूम सहित चार लोगों की मौत हो गई। वहीं अस्पतालों में सर्दी जुकाम, उल्टी व दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। वहीं पड़ने वाले कोहरे से फसलों में कीटों का प्रकोप बढ़ने की आंशका जताई जा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिवांर के छानी खुर्द गांव में खेतों में पानी लगाते समय 33 वर्षीय किसान सतीश कुमार उर्फ पंकज शिवहरे पुत्र रामकृपाल की शुक्रवार रात हालत बिगड़ गई। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। किसान बुंदेलखंड क्रांति दल के जिला सचिव का कार्यभार भी देखता था। किसान अपने पीछे तीन बच्चियां पावनी, सृष्टि व आस्था पत्नी विनीता को छोड़ गया है।
वहीं इंगोहटा में भी ठंड की चपेट में आकर शुक्रवार रात गांव निवासी 55 वर्षीय कल्लू पुत्र प्रताप कुशवाहा की मौत हो गई। वह कुछ समय से बीमार था। मजदूरी कर परिवार का पेट भरता था। वह अपने पीछे दो पुत्रियां व चार बेटे छोड़ गया है।
इसी तरह मौदहा के भमई गांव निवासी मनोज धुरिया के डेढ़ वर्षीय बेटे मनीष की ठंड लगने से मौत हो गई। रतवा गांव निवासी 40 वर्षीय किसान अशोक कुमार पुत्र जागेश्वर शुक्रवार रात 12 बजे खेत से पानी लगाकर लौटा था। घर पहुंचते ही उसकी हालत बिगड़ गई। घरवाले उन्हें सीएचसी ले गए, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। तहसीलदार रामानुज शुक्ला ने परिजनों को नियमानुसार मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। बढ़ रही मरीजों की संख्या
सर्दी के चलते अस्पताल में खांसी, जुकाम व वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को जिला अस्पताल में पांच सैकड़ा मरीज अपना इलाज कराने को पहुंचे। फसलों के रोगग्रस्त होने की आशंका
शीतलहर व ठंड के चलते जहां किसानों को फसलों में पाला पड़ने की आशंका सता रही है। इससे बचाव को किसान खेतों में पानी लगाकर नमी लाने का प्रयास कर रहे है। कोहरे के चलते कीटों के प्रकोप से बचने को दवा आदि का छिड़काव कर रहा है।