रैन बसेरा में अव्यवस्थाओं का डेरा
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : नगर पालिका के रैन बसेरा, व्यायामशाला की व्यवस्थाएं बदहाल हैं।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : नगर पालिका के रैन बसेरा, व्यायामशाला की व्यवस्थाएं बदहाल हैं। न कोई सुविधाएं और न ही साफ-सफाई। बीते एक सप्ताह से बिजली न होने से शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है।
सर्दी के मौसम में बेघर-बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को सुलभ व्यवस्था मुहैया कराने को प्रशासन ने नगर पालिका व्यायामशाला में रैन बसेरा शुरू कराया था वहीं व्यायामशाला में आएदिन संगठनों के साथ कई सरकारी विभागों की बैठकें होती हैं। रोजाना सुबह यहां योग शिविर का आयोजन किया जाता है लेकिन मौजूदा में अव्यवस्थाओं के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां लगे आठ में से तीन पंखे ही चलते हैं जबकि शेष वर्षों से खराब पड़े हैं। साथ ही करीब एक सप्ताह से अधिक समय से यहां बिजली कनेक्शन पोल से टूटा है। हाल में करंट न आने से रोशनी व्यवस्था ठप है। यहां बाथरूम की कभी सफाई नहीं होती। जिससे हाल में भी सांस लेना दूभर रहता है। यहां सुबह योग करने वालों को स्वच्छ हवा नहीं मिल पाती है। शादी विवाह के आयोजनों के दौरान यहां बरात आदि भी ठहर जाती है। जिनकी गंदगी कई दिनों तक वहीं पड़ी रहती है।
.....
''सफाई कर्मियों से यहां की प्रतिदिन सफाई करने को कहा गया है। साथ ही समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाता है। इस बीच व्यस्तता के चलते ऐसा संभव नहीं हो सका है। जल्द देखेंगे और कमियों को दूर कराया जाएगा। - कुलदीप निषाद, नगर पालिकाध्यक्ष