विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: 38 सेमी प्रतिघंटा से बढ़ रहा बेतवा का जलस्तर, नदी में आया मगरमच्छ; जिला प्रशासन अलर्ट

Published: Tue, 06 Aug 2024 03:09 PM (IST)

बेतवा नदी के जलस्तर में 38 सेमी प्रति घंटे की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं यमुना नदी भी ...और पढ़ें

जलालपुर के पास बने पक्का घाट के पास पानी में दिखा मगरमच्छ। जागरण
जलालपुर के पास बने पक्का घाट के पास पानी में दिखा मगरमच्छ। जागरण

HighLights

  1. 38 सेमी.प्रतिघंटा से बढ़ना शुरू हुई बेतवा, नदी में आया मगरमच्छ
  2. आठ सेमी.प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर
  3. इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रचलित होने पर वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। माताटीला बांध से बेतवा नदी में छोड़े गए 2.75 लाख क्यूसेक पानी का असर दिखने लगा है। सोमवार दोपहर बाद से बेतवा नदी का 38 सेमी और यमुना नदी में आठ सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर बढ़ने लगा है। देर शाम से बेतवा नदी से बांध का पानी गुजरने लगा, जिससे बेतवा नदी का जलस्तर सौ मीटर तक जाने की संभावना है।

बाढ़ की संभावना को देखते हुए तटीय इलाके के बाशिंदों को अलर्ट कर दिया गया है। टीमें निगरानी कर रही हैं। बाढ़ चौकियां भी सक्रिय की गईं।

वहीं, सोमवार दोपहर सरीला क्षेत्र के जलालपुर गांव के नदी किनारे बने पक्का घाट के पास मगरमच्छ दिखाई दिया है। सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों की टीम निरीक्षण करने गई थी। नदी के आसपास ग्रामीणों के जाने पर रोक लगा दी है।

बांध से छोड़ा गया 2.75 क्यूसेक पानी

रविवार को बेतवा नदी में माताटीला बांध से 2.75 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। सोमवार सुबह तक बेतवा नदी का जलस्तर स्थिर था, लेकिन दोपहर बाद से नदी का जल स्तर बढ़ने लगा। सोमवार शाम चार बजे तक बेतवा नदी का जलस्तर 96.38 मीटर और यमुना का जलस्तर 95.37 मीटर रिकार्ड किया गया है। इन दोनों नदियों में क्रमश: 38 और आठ सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से पानी बढ़ रहा है।

बेतवा नदी की बाढ़ से जनपद के सर्वाधिक गांव प्रभावित होते हैं, इसलिए तटीय इलाके के बाशिंदों को अलर्ट कर दिया गया है। टीमें भी निगरानी कर रही हैं। बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया जा रहा है।

नदी के आसपास जाने पर लगाई रोक

उपक्षेत्रीय वन अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया की लगातार हो रही वर्षा के बाद बांधों से बेतवा नदी में पानी छोड़ा गया है। जलस्तर बढ़ने से नदी में मगरमच्छ आ गया होगा। वहीं, ग्रामीणों ने मगरमच्छ का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में प्रचलित कर दिया है। वन विभाग की टीम गई थी, लेकिन मगरमच्छ नहीं दिखाई दिया।

वन विभाग की टीम घाट में लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को घाट व नदी के आसपास न जाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ पिछले दो दिन से पक्का घाट के आसपास देखा गया है। सोमवार को भी कुछ लोग पक्का घाट में स्थित शिव मंदिर दर्शन को गए थे, जिन्हें मगरमच्छ पानी में दिखाई दिया।

इसे भी पढ़ें: Bangladesh Protest: बांग्लादेश में तख्तापटल से बढ़ेंगी भारत की मुश्किलें, हिंद महासागर में चीन के दखल की आशंका